Besan Mirchi Recipe I हरी मिर्च में लगा बेसन का तड़का, दही ने बढ़ाया स्वाद… ऐसी है धौलपुर की खास सब्जी

होमफोटोलाइफ़फूड
गांवों में पसंद की जाती है बेसन की चटपटी मिर्ची, 10 मिनट में ऐसे करें तैयार
Last Updated:September 15, 2026, 14:48 IST
Besan Mirchi Recipe: धौलपुर के ग्रामीण इलाकों में बेसन की मिर्ची का स्वाद लोगों को खूब भाता है. हरी मिर्च, बेसन और दही से तैयार होने वाली यह चटपटी-तीखी सब्जी महज 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है. कम सामग्री और कम मेहनत में बनने वाली यह देसी डिश रोटी, पराठे या पूरी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है.
धौलपुर के ग्रामीण इलाकों में बेसन की मिर्ची का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. यह सब्जी घर में मौजूद मसालों से आसानी से तैयार हो जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती. करीब 10 मिनट में स्वादिष्ट बेसन की मिर्ची तैयार हो जाती है. इसका स्वाद चटपटा, तीखा और हल्का खट्टा होता है. इसमें दही का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके स्वाद को और भी खास बना देता है.
गृहणी प्रियंका शर्मा बताती हैं कि बेसन की मिर्ची बनाने के लिए सबसे पहले मोटी वाली हरी मिर्च बाजार से लेकर आएं. मिर्चियों को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें, इसके बाद इन्हें दो हिस्सों में काट लें. अब एक चम्मच सौंफ, एक चम्मच जीरा और आधा चम्मच अजवाइन लें, तीनों को दरदरा कूट लें.
अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें दो बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें कुटा हुआ सौंफ, जीरा और अजवाइन का मिश्रण डालें. साथ ही एक चुटकी हींग डाल दें. जब मसाले अच्छी तरह चटकने लगें तो इसमें कटी हुई हरी मिर्च डाल दें.
Add as Preferred Source on Google
मिर्च डालने के बाद इसमें थोड़ा सा दही डालें, इसके बाद एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक डाल दें. सभी मसालों और दही को मिर्चियों के साथ अच्छी तरह मिला लें.
अब ऊपर से दो चम्मच बेसन डालें और गैस की आंच धीमी कर दें. चम्मच की मदद से मिर्च और बेसन को धीरे-धीरे चलाते रहें, करीब 5 मिनट तक इसे धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि बेसन कड़ाही में न लगे और मिर्चियों पर अच्छी तरह चिपक जाए. जब बेसन का रंग सुनहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें. ऊपर से कसूरी मेथी और बारीक कटा हरा धनिया डालें. इस तरह स्वादिष्ट बेसन की मिर्ची बनकर तैयार हो जाएगी.
बेसन की मिर्ची कम समय में तैयार होने वाली स्वादिष्ट सब्जी है. घर में जब कोई दूसरी सब्जी न हो तो इसे रोटी, पराठे या पूरी के साथ खाया जा सकता है. मेहमानों के आने पर भी इसे आसानी से बनाकर परोसा जा सकता है. खास बात यह है कि कम सामग्री और कम मेहनत में यह चटपटी सब्जी तैयार हो जाती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 15, 2026, 14:48 IST



