जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा खुलासा! CCTV पर टूथपेस्ट, 315 में से 35 कैमरे बंद मिले, जेल सुरक्षा पर सवाल

Last Updated:July 01, 2026, 10:27 IST
Dacoit Jagan Gurjar Murder Case: अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. जिस सेल में हत्या हुई, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के लेंस पर टूथपेस्ट लगाया गया था, ताकि वारदात की रिकॉर्डिंग न हो सके. इतना ही नहीं, जेल परिसर में लगे 315 सीसीटीवी कैमरों में से 35 कैमरे बंद मिले हैं, जिससे जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. जांच एजेंसियां इस पूरे मामले को सुनियोजित साजिश मानकर हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं. उधर, जगन गुर्जर का शव धौलपुर के पैतृक गांव भवुतीपुरा पहुंच गया है, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है. गांव में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं, जेल में बंद उसके भाई पप्पू गुर्जर को पुलिस कस्टडी में धौलपुर लाया जा रहा है.
ख़बरें फटाफट
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ
अजमेर. राजस्थान के अजमेर स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है और अब इसमें नए-नए खुलासे सामने आने लगे हैं. इस घटना ने न केवल जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पूरे जेल सिस्टम की निगरानी प्रक्रिया को भी कटघरे में ला दिया है. जिस तरह से अत्यधिक सुरक्षित मानी जाने वाली जेल के भीतर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया, उसने जाचं कर रही पुलिस टीम को भी हैरान कर दिया है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि घटना के दौरान सेल में लगे सीसीटीवी कैमरे को जानबूझकर प्रभावित किया गया, ताकि पूरी वारदात रिकॉर्ड न हो सके. जांच में खुलासा हुआ है कि जिस सेल में जगन गुर्जर की हत्या हुई, उसके सीसीटीवी कैमरे के लेंस पर टूथपेस्ट लगाया गया था, ताकि रिकॉर्डिंग बाधित हो सके और घटना का कोई दृश्य सामने न आए. यह सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है और जांच एजेंसियां इसे गंभीर साजिश के तौर पर देख रही हैं. बताया जा रहा है कि अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुल 315 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें से 35 कैमरे जांच के दौरान बंद पाए गए हैं. इस स्थिति ने जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जगन गुर्जर के गांव भारी पुलिस बल तैनात
इधर, डकैत जगन गुर्जर का शव बुधवार को धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव भवुतीपुरा पहुंचा. शव पहुंचते ही पूरे इलाके में माहौल गमगीन हो गया. गांव में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन परिजनों ने कहा है कि जब तक जेल में बंद उसके भाई पान सिंह, लाल सिंह और पप्पू गुर्जर नहीं पहुंचते, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. स्थिति को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. वहीं अजमेर जेल से जगन गुर्जर के छोटे भाई पप्पू गुर्जर को पुलिस कस्टडी में धौलपुर लाया जा रहा है.
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हुई थी जगन गुर्जर की हत्या
जगन गुर्जर की हत्या दो दिन पहले अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हुई थी. वारदात के बाद जेल प्रशासन की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद जेल के अंदर हत्या कैसे हो गई, यह बड़ा रहस्य बना हुआ है. फिलहाल प्रशासन मामले की हर पहलू से जांच में जुटा है. जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ हुई छेड़छाड़ और कई कैमरों के बंद होने ने पूरे सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है. वहीं, गांव भवुतीपुरा में आज अंतिम संस्कार की संभावना है, वहीं किसी भी हालात से निपटने के पुलिस का भारी जाप्ता तैनात है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



