Rajasthan

सीएम का बाड़मेर दौरा, ACB की कार्रवाई, दो VDO को जेल, कांस्टेबल सस्पेंड

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बाड़मेर दौरे पर रहेंगे, जहां वे पचपदरा स्थित HPCL राजस्थान रिफाइनरी में हाल ही में हुई आग की घटना का निरीक्षण करेंगे. वे सुबह 11 बजे जयपुर से रवाना होकर 12.35 बजे रिफाइनरी पहुंचेंगे और क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आगजनी स्थल का जायजा लेंगे. इधर सिरोही के रेवदर में ACB से सेटिंग के नाम पर धोखाधड़ी मामले में दो ग्राम विकास अधिकारियों को कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक कांस्टेबल को सस्पेंड किया गया है.

टोंक के सुभाष बाजार में बिजली सामान के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया, जहां दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं. झालावाड़ में ACB ट्रैप के बाद VDO रजनी मीणा को निलंबित कर दिया गया है. वहीं नागौर में ट्रक और बस की टक्कर में दोनों चालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया.

बाड़मेर के दौरे पर रहेंगे सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बाड़मेर के दौरे पर रहेंगे. वे पचपदरा स्थित HPCL राजस्थान रिफाइनरी में हाल ही में हुई आग की घटना का निरीक्षण करेंगे. सीएम सुबह 11 बजे जयपुर से उतरलाई एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12.35 बजे रिफाइनरी पहुंचेंगे. यहां वे क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आगजनी स्थल का जायजा लेंगे. अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे. दौरे के बाद शाम 4.10 बजे जयपुर लौटने का कार्यक्रम है.

ACB सेटिंग केस में दो VDO को जेल, कांस्टेबल सस्पेंड

सिरोही जिले के रेवदर में ACB से सेटिंग के नाम पर धोखाधड़ी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. गिरफ्तार ग्राम विकास अधिकारी हिंगलाजदान चारण और प्रवीण सिंह की रिमांड पूरी होने के बाद कोर्ट ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया. मामले में ACB के एक कांस्टेबल की भूमिका सामने आने पर उसे सस्पेंड कर दिया गया है. अब रेवदर पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिसकी जांच जारी है.

टोंक में भीषण आग, गोदाम में मचा हड़कंप

टोंक के मुख्य बाजार स्थित सुभाष बाजार में सुबह करीब 5 बजे बिजली के सामान के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सूचना मिलते ही तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए है. आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.

रिश्वत लेते पकड़ी गई VDO निलंबित

झालावाड़ जिले के मऊ बोरदा में VDO रजनी मीणा को निलंबित कर दिया गया है. हाल ही में ACB ने उन्हें 10,400 रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया था. आरोप है कि उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलन के प्रमाण पत्र बनाने के बदले घूस मांगी थी. कार्रवाई के बाद जिला परिषद सीईओ ने निलंबन के आदेश जारी किए. मामले को लेकर विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और आगे की जांच जारी है.

नागौर में ट्रक-बस टक्कर, दो घायल

नागौर में गुडला चौराहे और थंबलोई नाड़ी के बीच ट्रक और बस की भीषण टक्कर हो गई. हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए. बताया जा रहा है कि बस पीएम का दौरा रद्द होने के बाद खाली लौट रही थी. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में खुलवाया गया.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj