Crime News: शादी के 14 साल बाद महिला को पेट्रोल डालकर जलाया, 90 फीसदी झुलसी हिना ने जोधपुर में तोड़ा दम

जैसलमेर. शादी के करीब 14 साल बाद एक महिला को ससुराल में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. आग में महिला 90 फीसदी से ज्यादा झुलस गई थी. गंभीर हालत में उसे पहले जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से जोधपुर रेफर किया गया. जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 24 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे महिला ने दम तोड़ दिया. मामला जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव का है.
मृतका की पहचान हिना के रूप में हुई है. उसके पिता सरकारी टीचर पुरखाराम भील माणपिया गांव के रहने वाले हैं. पिता की रिपोर्ट पर खुहड़ी पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस ने महिला के पति, ससुर, सास और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.
21 सितंबर की रात पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना 21 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे के बाद की है. आरोप है कि ससुराल में हिना पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. आग की चपेट में आने से वह 90 फीसदी से ज्यादा झुलस गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा. परिजन हिना को गंभीर हालत में जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. उसकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर कर दिया. यहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन 24 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे हिना की मौत हो गई.
शादी के बाद से ही प्रताड़ना का आरोपखुहड़ी थाना प्रभारी भागु राम ने बताया कि माणपिया गांव निवासी सरकारी टीचर पुरखाराम भील की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, हिना की शादी 29 जून 2012 को कोरवा गांव निवासी भगवानाराम के साथ हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही हिना को ससुराल में शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा था. परिवार की ओर से दहेज और दूसरी मांगों को लेकर भी उसे परेशान करने का आरोप लगाया गया है. खास तौर पर मायके से कार लाने के लिए उस पर दबाव बनाया जाता था.
पुश्तैनी जमीन को लेकर भी लगाए गंभीर आरोपहिना के पिता ने अपनी रिपोर्ट में जेठानी अमृता देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अमृता देवी पुश्तैनी जमीन हड़पना चाहती थी. पिता के अनुसार, इसी वजह से वह नहीं चाहती थी कि हिना के कोई संतान हो. आरोप है कि हिना को धोखे से गर्भपात की दवाइयां और कुछ संदिग्ध चीजें दी जाती थीं. पिता का कहना है कि इन चीजों के कारण हिना की सेहत लगातार खराब होती जा रही थी. हालांकि इन आरोपों की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.
तंत्र-मंत्र और टोने-टोटके कराने का भी आरोपपरिवार की ओर से ससुराल पक्ष पर अंधविश्वास के नाम पर हिना को परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है. पिता के अनुसार, परिवार के लोग इलाज कराने के बजाय हिना को जबरन स्थानीय माता के थान पर ले जाते थे. वहां तांत्रिक क्रियाएं और टोने-टोटके किए जाते थे. परिजनों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए हिना को मानसिक रूप से डराया और धमकाया जाता था. इसके अलावा करीब दो साल पहले खरीदी गई कार को मायके से लाने की मांग को लेकर भी उसे लगातार परेशान किए जाने का आरोप है.
पति समेत चार आरोपी गिरफ्तारहिना की मौत के बाद खुहड़ी पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी. थाना प्रभारी भागु राम के अनुसार, पुलिस ने पति भगवानाराम, ससुर सोनाराम, सास लसमो देवी और जेठानी अमृता देवी को गिरफ्तार किया है. चारों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने मामले को दहेज हत्या के आरोप में दर्ज किया है. अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि 21 सितंबर की रात आखिर क्या हुआ था और हिना के साथ आग लगाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही परिवार की ओर से लगाए गए जमीन, कार, गर्भपात की दवाइयों और तंत्र-मंत्र से जुड़े आरोपों की भी जांच की जाएगी. शादी के 14 साल बाद हिना की मौत से उसके मायके में मातम है. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लंबे समय से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं. फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ के बाद मामले की आगे की तस्वीर सामने आएगी.



