Rajasthan Panchayat Election 2026 | राजस्थान पंचायत चुनाव

Last Updated:September 25, 2026, 15:40 IST
Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 के लिए आरक्षण की लॉटरी पूरी हो चुकी है. नए परिसीमन ने सियासी गणित बदल दिया है. सबसे बड़ा बदलाव आदिवासी बाहुल्य बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में हुआ है, जहां सरपंच और पंच के सभी पद एसटी के लिए रिजर्व हो गए हैं. वहीं, 50% आरक्षण के तहत प्रदेश की 14,403 पंचायतों में से 7,200 पर महिला सरपंच कमान संभालेंगी. साथ ही 65 हजार महिला वार्ड पंच बनेंगी. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्द होने की संभावना है और 15 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी की जानी है.
ख़बरें फटाफट
Rajasthan Panchayat Election 2026: 4 जिलों में सभी सरपंच पद ST के लिए रिजर्व, 7200 महिलाएं संभालेंगी कमान
जयपुर. राजस्थान में आगामी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. प्रदेश में ग्राम पंचायतों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकालने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. नए परिसीमन और आरक्षण के प्रावधानों ने गांवों की सरकार का पूरा सियासी गणित बदल कर रख दिया है. इस बार के चुनावों में सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य इलाकों में देखने को मिल रहा है. सूबे के चार प्रमुख आदिवासी जिलों बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में सरपंच और वार्ड पंच के सभी पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए शत-प्रतिशत आरक्षित कर दिए गए हैं. इन क्षेत्रों में अब राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से एसटी वर्ग के इर्द-गिर्द घूमेंगे.
पंचायत चुनाव 2026 राजस्थान में महिला सशक्तिकरण की एक नई इबारत लिखने जा रहा है. प्रदेश में हाल ही में हुए नए परिसीमन के बाद ग्राम पंचायतों की कुल संख्या बढ़कर 14,403 हो गई है. पंचायत राज व्यवस्था में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने के कारण इस बार 14,403 ग्राम पंचायतों में से करीब 7,200 पंचायतों की कमान सीधे तौर पर महिला सरपंचों के हाथ में होगी. अगर पिछले चुनावों से इसकी तुलना करें तो पिछली बार 5,670 महिला सरपंच चुनी गई थीं. इस बार यह संख्या एक बड़ी छलांग लगाते हुए 7200 तक पहुंच गई है. इसके साथ ही प्रदेश में करीब 65 हजार महिलाएं वार्ड पंच बनकर स्थानीय राजनीति में अपनी भागीदारी निभाएंगी. पिछली बार महिला वार्ड पंचों की संख्या 54 हजार के करीब थी.
क्या है सरपंच पदों के आरक्षण का पूरा गणितराज्य निर्वाचन आयोग और पंचायत राज विभाग के आंकड़ों के अनुसार सरपंच के कुल 14,403 पदों का आरक्षण तय कर दिया गया है. इनमें से अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 3,058 पद आरक्षित किए गए हैं. इसी तरह अनुसूचित जाति (एससी) के खाते में 2,493 पद गए हैं, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 1,961 पद रिजर्व रखे गए हैं. इन सभी आरक्षित और सामान्य श्रेणियों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी का कोटा सख्ती से लागू किया गया है.
वार्ड पंचों का आरक्षण और लॉटरी का विरोधग्राम पंचायतों के साथ-साथ वार्ड पंचों के पदों पर भी तस्वीर साफ हो गई है. प्रदेश भर में वार्ड पंचों के लगभग 1.30 लाख पदों के लिए लॉटरी निकाली गई. इनमें से एससी वर्ग के लिए 21,962 वार्ड, एसटी के लिए 19,117 वार्ड और ओबीसी के लिए करीब 15 हजार वार्ड आरक्षित किए गए हैं. आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया के दौरान श्रीगंगानगर के घड़साना में किसानों के विरोध के चलते कुछ समय के लिए लॉटरी रोकनी पड़ी थी, जिसे बाद में समझाइश कर पूरा कर लिया गया.
15 नवंबर तक पूरी होगी चुनाव प्रक्रियाचुनाव की घोषणा को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. हाई कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया 15 नवंबर तक संपन्न करवानी है. संभावना जताई जा रही है कि शनिवार या सोमवार तक पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, पंच और सरपंच के आरक्षण का पूरा विस्तृत ब्यौरा राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दिया जाएगा. इसके बाद एक-दो दिन के भीतर ही राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान कर सकता है. अक्टूबर के पहले सप्ताह से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने की प्रबल संभावना है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 25, 2026, 15:40 IST



