क्या अभी भी बाकी है दम? 5 साल में 800% चढ़ने के बाद आज फिर भागा ये शेयर, विजय केडिया का भी लगा है पैसा

Last Updated:June 24, 2026, 15:41 IST
Multibagger Stock : जाने-माने निवेशक विजय केडिया की फर्म के पास न्यूलैंड लैबोरेट्रीज के 1.30 लाख इक्विटी शेयर हैं या 1.01% हिस्सेदारी है. मुकुल अग्रवाल ने भी इस मल्टीबैगर शेयर में दांव लगाया है.
ख़बरें फटाफट
न्यूलैंड लैबोरेट्रीज के शेयरों में आई इस ताजा तेजी के पीछे अमेरिका से जुड़ा एक बहुत बड़ा ट्रिगर काम कर रहा है.
नई दिल्ली. दवा बनाने वाली कंपनी न्यूलैंड लैबोरेट्रीज (Neuland Laboratories) के शेयर आज 2.87% की छलांग लगाकर ₹18,621 के स्तर पर पहुंच गया. 5 साल में 800% का छप्परफाड़ रिटर्न देने के बाद भी यह शेयर सरपट दौड़ रहा है. इस शेयर में रिटेल निवेशकों ने तो पैसा लगाया ही है साथ ही बाजार के पारखी मुकुल अग्रवाल और विजय केडिया ने भी दांव लगाया है. लॉन्ग टर्म में मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले इस शेयर के फंडामेंटल्स मजबूत हैं और उम्मीद की जा रही है कि आगे भी यह शानदार रिटर्न देगा.
न्यूलैंड लैबोरेट्रीज के शेयरों में आई इस ताजा तेजी के पीछे अमेरिका से जुड़ा एक बहुत बड़ा ट्रिगर काम कर रहा है. ऐसी खबरें आ रही हैं कि अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (US FDA) ने अमेरिका में कैंसर की महत्वपूर्ण दवाओं की भारी कमी को दूर करने के लिए भारतीय दवा कंपनियों से सीधे संपर्क साधा है. वह भारत की मजबूत नियामकीय (Regulatory) और बेहतर मैन्युफैक्चरिंग क्षमता वाली कंपनियों की मदद लेने की तैयारी में है. इस खबर से भारतीय फार्मा सेक्टर को लेकर निवेशकों और ट्रेडर्स जोश हाई हो गया है और इसका फायदा न्यूलैंड लैबोरेट्रीज शेयर का हो रहा है.
विजय केडिया और मुकुल अग्रवाल की कितनी हिस्सेदारी
मार्च 2026 के ताजा शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के मुताबिक, मुकुल अग्रवाल के पास कंपनी के 4 लाख इक्विटी शेयर हैं, जो कंपनी की कुल 3.12% की हिस्सेदारी के बराबर है. भारत के जाने-माने निवेशक विजय केडिया की फर्म के पास कंपनी के 1.30 लाख इक्विटी शेयर हैं या 1.01% हिस्सेदारी है. दिग्गज निवेशकों के साथ-साथ विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) के पास इस कंपनी की 20.46% हिस्सेदारी है. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) के पास 15.84% होल्डिंग है.
5 साल में कर दिया मालामाल
लंबी और शॉर्ट-टर्म दोनों अवधियों में न्यूलैंड लैबोरेट्रीज ने निवेशकों की तिजोरी भरने का काम किया है. पिछले एक महीने में यह शेयर 7.94% चढ़ा है, छह महीने में इसने 18.02% का रिटर्न दिया है और पिछले एक साल में 46.97% की तेजी दिखाई है. वहीं, बीते 5 सालों में इस शेयर ने 800% का मल्टीबैगर रिटर्न देकर निवेशकों का पैसा 9 गुना बढ़ा दिया है.
इन आंकड़ों पर भी मार लें नजर
न्यूलैंड लैबोरेट्रीज का ₹23,890 करोड़ का मार्केट कैप इसे फार्मा सेक्टर का एक मजबूत खिलाड़ी बनाता है, लेकिन इसके वित्तीय आंकड़े भी काफी उत्साहजनक हैं.
नेट प्रॉफिट ग्रोथ: मार्च तिमाही में कंपनी के शुद्ध लाभ (Net Profit) में 664.8% का उछाल दर्ज किया गया है.
रेवेन्यू ग्रोथ: सालाना आधार पर कंपनी का राजस्व (Revenue) 136.4% की रफ्तार से बढ़ा है.
ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन: तिमाही आधार पर कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 39.6% के दमदार स्तर पर है, जबकि इसका रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 19.4% है, जो शेयरधारकों के लिए कमाई का पक्का संकेत है.
आउटपरफॉर्मेंस का रिकॉर्ड: इस शेयर ने निफ्टी-50 के मुकाबले 54.6% और अपने पूरे फार्मा सेक्टर के मुकाबले 41.2% बेहतर प्रदर्शन करके दिखाया है.
वैल्यूएशन है महंगा
इतनी बड़ी तेजी के बाद इसका पी/ई (P/E) अनुपात 65.6 और प्राइस-टू-बुक (P/B) अनुपात 12.7 पर पहुंच चुका है, जो यह संकेत देता है कि वैल्यूएशन थोड़ा महंगा है. इसलिए, लॉन्ग-टर्म के लिए इस धाकड़ शेयर में किसी भी बड़ी तकनीकी गिरावट (Correction) पर धीरे-धीरे खरीदारी करने की रणनीति सबसे बेस्ट साबित हो सकती है.
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शेयर के प्रदर्शन के आधार पर है. चूंकि स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिम के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह जरूर लें. आपको होने वाले किसी भी नुकसान के लिए हिंदी जिम्मेदार नहीं होगा.)
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



