Sports

मुंबई इंडियंस का ‘गोल्डन जुबली’ रिकॉर्ड… टी20 में 50,000 रनों का कीर्तिमान बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बनी

नई दिल्ली. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में क्रिकेट का इतिहास लिखा गया.2 मई 2026 की शाम न केवल मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच की चिर-प्रतिद्वंद्विता के लिए याद की जाएगी, बल्कि एक ऐसे जादुई आंकड़े के लिए जानी जाएगी, जिसे आज तक दुनिया की कोई भी टीम हासिल नहीं कर सकी है. मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में 50,000 रनों का पहाड़ जैसा आंकड़ा छूने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.

इस ऐतिहासिक मैच में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को अपनी पारी के दौरान कम से कम 114 रनों की जरूरत थी ताकि वे 50,000 रनों के इस प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंच सकें. मैच की शुरुआत से ही मुंबई के बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत की और जैसे ही पारी का 15वां ओवर शुरू हुआ, टीम ने 114 रनों का जादुई बैरियर तोड़ दिया. मुंबई इंडियंस ने 14.1 ओवर में 117/1 के स्कोर के साथ इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. यह उपलब्धि मुंबई इंडियंस के 308वें टी20 मैच में हासिल हुई. इस कुल सफर में फ्रेंचाइजी ने 286 आईपीएल मैचों और 22 चैंपियंस लीग टी20 मैचों में अपना जौहर दिखाया है.

प्रतिस्पर्धा और रिकॉर्ड्स का कारवांमुंबई इंडियंस की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि क्रिकेट की दुनिया में रनों की इस दौड़ में बाकी टीमें अभी काफी पीछे हैं. अगर हम दुनिया भर की टीमों पर नजर डालें, तो मुंबई इंडियंस के बाद अंग्रेजी काउंटी टीम समरसेट का नाम आता है, जिसने 303 टी20 मैचों में 48,244 रन बनाए हैं. 2025 के आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस सूची में तीसरे पायदान पर है, जिसने 295 मैचों में 47,304 रन अपने नाम किए हैं.

चौथे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स काबिज है, जिसने 2008 से 2026 तक के अपने सफर में 286 मैचों में 46,438 रन बनाए हैं. इसके अलावा भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम (45,241 रन), पंजाब किंग्स (45,025 रन), पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम (44,855 रन), कोलकाता नाइट राइडर्स (44,806 रन), सरे (44,570 रन) और दिल्ली कैपिटल्स (44,217 रन) इस सूची में मुंबई के पीछे हैं. यह साफ दर्शाता है कि मुंबई इंडियंस ने पिछले पौने दो दशकों में टी20 क्रिकेट में अपनी निरंतरता को किस स्तर तक बनाए रखा है.

रनों के पीछे के असली नायक50,000 रनों की इस विराट इमारत को बनाने में मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा है.इस फेहरिस्त में सबसे पहला नाम पूर्व भारतीय कप्तान और मुंबई के ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा का आता है. रोहित ने अपनी बल्लेबाजी से न केवल टीम को कई बार जीत दिलाई है, बल्कि वे इस टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने अब तक 240 मैचों में 6,286 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 109 रन रहा है.

रोहित के बाद मॉडर्न क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का नाम आता है. उन्होंने 123 मैचों में 3,933 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी को नई ऊंचाई दी है।.वहीं, वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने भी लंबे समय तक मुंबई की नैया पार लगाई है. पोलार्ड ने 211 मैचों में 3,915 रन बनाए हैं. इन दिग्गजों के अलावा अंबाती रायडू (2,635 रन) और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (2,599 रन) का योगदान भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की नींव का हिस्सा है.

एक युग का अंत और नई शुरुआतमुंबई इंडियंस का यह सफर सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह उस जज्बे की कहानी है जिसने टी20 क्रिकेट को एक नया आयाम दिया है. 247/9 के अपने सर्वोच्च स्कोर से लेकर आज 50,000 रनों के कीर्तिमान तक, मुंबई की यात्रा संघर्ष, निरंतरता और शानदार प्रदर्शन की रही है. आज की शाम हमेशा याद दिलाई जाएगी कि कैसे एक टीम ने अपनी एकजुटता और मेहनत के दम पर रनों का ऐसा पहाड़ बनाया जिसे लांघना बाकी टीमों के लिए एक बड़ी चुनौती होगी. मुंबई इंडियंस ने साबित कर दिया है कि वे केवल आईपीएल के ही नहीं, बल्कि वैश्विक टी20 क्रिकेट के भी असली बादशाह हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj