Gurugram Flat Collapse : लग्जरी फ्लैट या ताश के पत्ते, जरा सी बारिश में बह गए अरमान, कौड़ियों के लग रहे करोड़ों के मकान

होमफोटोमनीLatest Money
लग्जरी फ्लैट या ताश के पत्ते, जरा सी बारिश में ढह गए करोड़ों के मकान
Last Updated:July 10, 2026, 17:50 IST
Property Quality in Gurugram : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का शहर गुरुग्राम अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी इमारतों के लिए जाना जाता है. लेकिन, अगर आपको लगता है कि यहां करोड़ों खर्च करके खरीदे गए फ्लैट में आपकी आपके परिवार की जिंदगी सुरक्षित है तो जरा इस खबर पर नजर डालिए. बारिश ने अभी दस्तक दी ही है कि गुरुग्राम की तमाम लग्जरी इमारतों की पोल भी खुल गई और इन मकानों को खरीदने वालों के अरमान भी बारिश के पानी में बह गए.
ताजा मामला है गुरुग्राम के सेक्टर 37डी का, जहां इम्पीरिया एस्फेरा फेज-2 स्थित एक लग्जरी आवासीय कॉम्पलेक्स में बारिश की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. इमारत के एक फ्लैट की बालकनी भारी बारिश की वजह से अचानक ढह गई. इमारत में रहने वाले लोग हादसे के बाद से ही दहशत में हैं और उन्होंने इसमें रहने से पहले पूरी इमारत का ऑडिट कराने की डिमांड की है. वैसे बालकनी के ढहने से किसी तरह का कोई हादसा तो नहीं हुआ लेकिन वहां रहने वालों में डर दहशत बैठ गई है.
इमारत में रहने वालों ने बताया कि उन्हें अचानक फर्स्ट फ्लोर पर तेज आवाज सुनाई दी और जब बाहर निकलकर देखा तो टॉवर-ई के एक फ्लैट की बालकनी को गिरा हुआ देखा. उसका मलबा नीचे की मंजिल वाली बालकनी में बिखरा पड़ा था. गनीमत रही कि हादसे के दौरान वहां कोई नहीं था और इससे किसी को चोट नहीं पहुंची, लेकिन हादसे के बाद से ही बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पूरी इमारत का ऑडिट कराने की मांग रखी है.
बिल्डिंग की खराब क्वालिटी का एक और मामला भी गुरुग्राम में ही सामने आया. सेक्टर 104 स्थित पुरी एमराल्ड बे नाम की सोसाइटी में करोड़ों की कीमत वाले एक फ्लैट का प्लास्टर बारिश के बाद उखड़कर गिरना शुरू हो गया. इस फ्लैट के मालिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में तस्वीरें भी डाली हैं और कहा है कि गनीमत रही जो हादसे के वक्त परिवार का कोई सदस्य बालकनी में नहीं था, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ. हालांकि, करोड़ों रुपये में खरीदे गए इन फ्लैट्स की हालत बारिश में खराब हो गई.
Add as Preferred Source on Google
ऐसा नहीं है कि बारिश ने सिर्फ गुरुग्राम की इमारतों को ही नुकसान पहुंचाया है, बल्कि सड़कों का नजारा भी किसी खौफनाक मंजर से कम नहीं है. गुरुग्राम में भारी बारिश ने सड़कों पर ऐसी बाढ़ ला दी है, जिससे आम आदमी का चलना मुहाल हो गया है. कार हो बाइक या बारिश, सभी सड़कों पर भरे पानी और गड्ढों की वजह से रेंगते नजर आ रहे हैं. यही वजह है कि सुबह-शाम यहां घंटों का जाम भी लग रहा है. इसका मतलब है कि घर हो या सड़क, हर जगह बारिश ने गुरुग्राम की लग्जरी लाइफ की पोल खोलकर रख दी है.
गुरुग्राम में यह पहली बार नहीं है जब इमारत की खराब क्वालिटी का मुद्दा सामने आया है. इससे पहले 10 फरवरी, 2022 में भी सेक्टर 109 स्थित चिंटल्स पैराडिसो हाउिसंग सोसाइटी का 18 मंजिला टॉवर खराब क्वालिटी की वजह से भरभराकर गिर गया. एनडीआरएफ की रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में कई लोग इमारत में दब गए और 2 लोगों की मौत भी हो गई थी. इसके बाद स्थानीय अथॉरिटी और कोर्ट ने इस सोसाइटी की कई टॉवर को ढहाने का आदेश दिया था.
सीबीआरआई ने जांच के बाद सोसाइटी के 6 टॉवर्स को ढहाने का आदेश दिया है. इसमें से कई टॉवर को गिराया भी जा चुका है. इस बिल्डिंग में रहने वालों ने करोड़ों रुपये खर्च करके यहां अपना आशियाना बनाया था. लेकिन, खराब क्वालिटी की वजह से उन्हें अपना घर छोड़कर किराये के मकान में आना पड़ा. हालांकि, कोर्ट ने यह आदेश जरूर दिया है कि जब तक टॉवर को दोबारा नहीं बनाया जाता, उसके मालिकों को किराये पर रहने के लिए बिल्डर की ओर से पैसे दिए जाएं.
ऐसा नहीं है कि बारिश से सिर्फ गुरुग्राम में ही इमारतों को नुकसान पहुंचा है, बल्कि दिल्ली में भी इमारत ढह गई. दिल्ली के राहिणी इलाके में भारी बारिश की वजह से एक इमारत भरभराकर नीचे आ गई, जिसमें कई लोग दब गए. हालांकि, एनडीआरएफ और डीएफएस की टीम ने तत्काल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन आशंका है कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



