Hantavirus Outbreak: MV Hondius Ship| भूतिया जहाज बना एमवी होंडियस हंता वायरस से टेनेरिफ में हड़कंप सड़क पर उतरे लोग

Last Updated:May 11, 2026, 11:38 IST
Hantavirus Outbreak Danger: दुनिया ने 6 साल पहले कोरोना वायरस का कहर देखा है, जिसके बाद से वे वायरस के नाम से डर जाते हैं. एक बार फिर से विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जब हंता वायरस का नाम लिया, तो लोग खौफ में आ गए. हालांकि इसने सिर्फ एक क्रूज पर कुछ लोगों को संक्रमित किया, लेकिन सावधानी अब भी बरती जा रही है.
ख़बरें फटाफट

क्रूज पर फैला हंता वायरस (AI Image)
Hantavirus Outbreak Danger: इस वक्त एमवी हॉन्डियस शिप दुनियाभर में चर्चा की वजह बना हुआ है. एक खुशहाल यात्रा पर जाने के लिए ये क्रूज अर्जेंटीना से चला तो था, लेकिन हालात कुछ यूं बने कि ये रास्ते में ही कहीं और उतारना पड़ गया. अब ये किसी भूतिया जहाज की तरह लोगों के बीच डर की विषयवस्तु बन गया है. दरअसल पहले तो इस शिप खतरनाक हंता वायरस आउटब्रेक की वजह से चर्चा में आया था, फिर स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में चर्चा और विवाद का केंद्र बना हुआ है.
हंतावायरस संक्रमण के मामलों के बाद इस क्रूज शिप के टेनेरिफ पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों और बंदरगाह कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. लोग स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं. हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि वे इस हंतावायरस से पहले से परिचित हैं और इसे काबू किया जा सकता है. बावजूद इसके लोग कोरोना का दंश झेलने के बाद इतने सहमे हुए हैं कि इस वायरस को लेकर खौफ में हैं.
क्या है एमवी होंडियस?
एमवी होन्डियस एक आधुनिक पोलर एक्सपेडिशन क्रूज शिप है, जिसे नीदरलैंड की कंपनी ओशियनवाइड एक्सपेडिशंस के लिए बनाया गया था. इस जहाज का निर्माण क्रोएशिया के ब्रॉडोस्प्लिट शिपयार्ड में हुआ और इसे 2019 में सेवा में शामिल किया गया.
यह जहाज खास तौर पर आर्कटिक और अंटार्कटिक जैसे कठिन और बर्फीले इलाकों में यात्राओं के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम और आइस-क्लास तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह बर्फीले समुद्रों में भी सुरक्षित यात्रा कर सकता है.
हाल ही में यह जहाज केप वर्डे से यात्रा करते हुए स्पेन के टेनेरिफ द्वीप की ओर बढ़ा. यात्रा के दौरान जहाज पर हंतावायरस संक्रमण फैलने की खबर सामने आई. बीमारी के कारण तीन लोगों को पहले ही जहाज से निकालकर अस्पताल भेजा गया. इसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन और स्पेन सरकार ने यात्रियों को टेनेरिफ में उतारने की अनुमति दी.
आखिर क्यों हो रहा है विरोध?
जहाज के आने की खबर सामने आते ही टेनेरिफ में बंदरगाह कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच चिंता फैल गई. शुक्रवार को कई डॉक वर्कर्स ने कैनरी आइलैंड्स संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सीटी बजाई, वुवुजेला फूंके और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए. बंदरगाह कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों और जानकारी के संक्रमित जहाज के साथ काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है. यूनियन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो वे जहाज को बंदरगाह पर रोकने की कोशिश करेंगे. स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है. कुछ लोगों का मानना है कि कैनरी द्वीप पहले से ही प्रवासी संकट और अंतरराष्ट्रीय मानवीय समस्याओं का दबाव झेल रहा है. ऐसे में संक्रमित जहाज को यहां लाने का फैसला लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. कई नागरिकों ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन की राय को नजरअंदाज किया गया.
क्या कह रही है स्पेन सरकार?
हालांकि स्पेन सरकार ने कहा है कि यात्रियों को सीधे शहर में नहीं लाया जाएगा. जहाज समुद्र में ही लंगर डालेगा और यात्रियों को विशेष व्यवस्था के तहत ग्रेनाडिला के औद्योगिक बंदरगाह तक ले जाया जाएगा. इसके बाद अधिकांश यात्रियों को उनके देशों में भेज दिया जाएगा, जबकि स्पेनिश नागरिकों को मैड्रिड में क्वारंटीन किया जाएगा. सरकार का दावा है कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी यात्री का आम जनता से संपर्क नहीं होगा. इसके बावजूद कोविड महामारी की शुरुआती यादों के कारण लोगों में डर बना हुआ है. यही वजह है कि एमवी होंडियस अब केवल एक क्रूज शिप नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा और सरकारी फैसलों पर बहस का प्रतीक बन गया है.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



