Jodhpur Dhamoli Night | जोधपुर में सातुड़ी तीज से पहले धमोळी की रात सजा बाजार

Last Updated:August 31, 2026, 10:53 IST
Jodhpur Dhamoli Night Satudi Teej: जोधपुर में सातुड़ी तीज की पूर्व संध्या पर धमोळी की रात खान-पान और स्वाद के मेले में तब्दील हो गई. शहर के सरदारपुरा और भीतरी बाजारों में रबड़ी, घेवर, मावे की कचौरी, डोसा और चाट-पकोड़ी की स्टॉल्स पर देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ी. महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई और सुहाग सामग्री खरीदी. आज सातुड़ी तीज पर सुहागिनें पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखकर शिव-पार्वती की पूजा करेंगी तथा रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर सत्तू का पारणा करेंगी.
ख़बरें फटाफट
Jodhpur: राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर में पारंपरिक पर्व सातुड़ी (कजली) तीज से ठीक पूर्व संध्या पर ‘धमोळी’ का अनूठा और भव्य उत्सव बेहद उल्लास के साथ मनाया गया. दिन में जहां शहर के व्यापारिक बाजार तीज की खरीदारी से गुलजार रहे, वहीं रात ढलते ही जोधपुर के भीतरी शहर से लेकर सरदारपुरा तक का समूचा क्षेत्र खान-पान और स्वाद के एक विशाल मेले में तब्दील हो गया. किफायती दरों पर पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का आनंद लेने के लिए देर रात तक शहरवासियों और सैलानियों का हुजूम सड़कों पर उमड़ता रहा.
धमोळी की इस खास रात में शहर के प्रमुख बाजारों में सैकड़ों अस्थायी स्टॉल्स सजाई गईं, जहां एक ही छत के नीचे तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान उपलब्ध रहे. बाजारों में एक तरफ जहां पारंपरिक मारवाड़ी मिठास जैसे रसमलाई, रबड़ी, घेवर और प्रसिद्ध मावे की कचौरी की खुशबू हवा में घुली रही, वहीं दूसरी तरफ साउथ इंडियन व्यंजनों में इडली, डोसा, सांभर बड़ा तथा फास्ट फूड प्रेमी युवाओं के लिए आलू टिकिया और सैंडविच के स्टॉल्स पर भारी भीड़ देखी गई. देर रात 10 बजे के बाद भी परिवार और दोस्तों के संग लोग अलग-अलग व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए.
हाथों में रची मेहंदी, श्रृंगार दुकानों पर उमड़ी तीजणियों की भीड़स्वादिष्ट व्यंजनों के चटकारों के साथ-साथ धमोळी की रात महिलाओं के साज-श्रृंगार और उत्साह का भी प्रतीक बनी. सरदारपुरा, त्रिपोलिया और भीतरी शहर के बाजारों में मेहंदी रचाने वाले कलाकारों और ब्यूटी पार्लरों के बाहर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं. तीज पर्व को लेकर सुहागिनों ने अपने हाथों में आकर्षक मेहंदी रचवाई. इसके साथ ही बाजार में चूड़ियां, बिंदी, सुहाग सामग्री और पारंपरिक राजपूती व मारवाड़ी परिधानों की दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की खूब चहल-पहल बनी रही.
आज अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनें रखेंगी सातुड़ी तीज का निर्जला व्रतधमोळी के इस उल्लासपूर्ण माहौल के बाद आज सोमवार को कजली (सातुड़ी) तीज का पावन पर्व अपार श्रद्धा और निष्ठा के साथ मनाया जा रहा है. सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और सुखद दांपत्य जीवन की मंगल कामना को लेकर दिनभर निर्जला उपवास रखेंगी. वहीं कुंवारी कन्याएं मनभावन और सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए यह व्रत कर रही हैं. शाम के समय तीजणियां 16 श्रृंगार कर भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगी व तीज की कथा सुनेंगी. तत्पश्चात रात में चंद्रोदय होने पर चंद्रमा को अर्घ्य देकर सत्तू से व्रत का पारणा किया जाएगा.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Jodhpur,Rajasthan
First Published :
August 31, 2026, 10:53 IST



