Jodhpur News: जोधपुर में सफाई व्यवस्था होगी हाईटेक,अब हर घर से उठेगा कचरा, मैपिंग से होगी निगरानी

Last Updated:October 27, 2026, 18:09 IST
Jodhpur News: जोधपुर में दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नए कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाई. वार्डों की आबादी और क्षेत्रफल के अनुसार वाहनों का आवंटन होगा. मैपिंग सिस्टम से वाहनों की आवाजाही और कचरा संग्रहण की निगरानी की जाएगी.
जोधपुर. शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और घर-घर से कचरा संग्रहण को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है. शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इन वाहनों का आवंटन वार्डों की आबादी और क्षेत्रफल के अनुसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक घरों तक कचरा संग्रहण की सुविधा पहुंच सके. निगम का जोर केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहनों की निगरानी, नियमित संग्रहण और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने पर है.
महापौर प्रसन्न चंद मेहता, शहर विधायक अतुल भंसाली और उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया. इस दौरान नगर निगम आयुक्त राहुल जैन सहित निगम के अधिकारी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. निगम का उद्देश्य शहर के अलग-अलग वार्डों में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और नियमित रूप से घरों से कचरा उठाना सुनिश्चित करना है.
वार्डों की आबादी और क्षेत्रफल के आधार पर होगा आवंटन
महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वार्डों की जनसंख्या और क्षेत्रफल को ध्यान में रखते हुए वाहनों का आवंटन किया जाएगा. इससे उन क्षेत्रों में संसाधन उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी, जहां कचरा संग्रहण की अधिक आवश्यकता है, उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए निगम स्तर पर लगातार निगरानी और आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं.
मैपिंग से होगी निगरानी
नगर निगम की ओर से कचरा संग्रहण व्यवस्था की निगरानी के लिए मैपिंग प्रणाली विकसित की गई है, इसके माध्यम से यह जानकारी मिल सकेगी कि कचरा संग्रहण वाहन किन क्षेत्रों में पहुंचे, कितने घरों से कचरा एकत्र किया गया और कितना कचरा संग्रहित हुआ. इस व्यवस्था से वाहनों की आवाजाही और कचरा संग्रहण की प्रक्रिया पर नजर रखने में मदद मिलेगी. महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कचरा निर्धारित समय पर ही बाहर निकालें और गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग करके वाहन में दें.
दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने का लक्ष्य
उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने कहा कि दीपावली से पहले शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना निगम की प्राथमिकता है. इसके लिए 14 अक्टूबर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, वार्डवार टीमों के माध्यम से सफाई कार्य करवाए जा रहे हैं और कचरा संग्रहण की समस्याओं के समाधान के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं. वहीं, विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्र को देखते हुए कचरा संग्रहण के संसाधनों को मजबूत करना जरूरी है. उन्होंने स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की भागीदारी को आवश्यक बताया. निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
October 27, 2026, 18:09 IST



