Kakoda-Chana Dal Vegetable Recipe | How to Make Kakoda and Chana Dal Sabji at Home | घर पर कैसे बनाएं ककोड़ा चना दाल की सब्जी |

Last Updated:August 27, 2026, 07:19 IST
Kakoda Chana Dal Sajzi Recipe: बरसात आते ही बाजार में मिलने वाला ककोड़ा कई घरों की रसोई का स्वाद बदल देता है. अगर इसकी सब्जी को चना दाल के साथ बनाया जाए तो साधारण सी सब्जी भी बेहद स्वादिष्ट बन जाती है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. प्याज, हरी मिर्च और रोजाना इस्तेमाल होने वाले मसालों से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. ककोड़ा काटते समय इसके बीज निकालने की भी जरूरत नहीं है, क्योंकि ये सब्जी का स्वाद बढ़ाते हैं. चना दाल और ककोड़ा की यह देसी सब्जी रोटी, पराठे या चावल के साथ स्वादिष्ट लगती है.
बारिश के मौसम में अगर कुछ अलग और स्वादिष्ट खाने का मन हो तो ककोड़ा की सब्जी एक अच्छी सब्जी है. ककोड़ा इस मौसम में आसानी से मिलने वाली सब्जी है. इसे चना दाल के साथ बनाया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद मसालों से आसानी से तैयार किया जा सकता है. कम समय में बनने वाली यह सब्जी रोटी, पराठे और चावल के साथ खूब पसंद की जाती है.
चना दाल और ककोड़ा की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को सब्जी बनाने से करीब एक घंटे पहले पानी में भिगोकर रख दें. इसके बाद ककोड़ा को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उस पर लगी मिट्टी पूरी तरह निकल जाए. अब ककोड़ा को दो टुकड़ों में काट लें. इसके अंदर के बीज और बीच के हिस्से को फेंकने की जरूरत नहीं है. इसे भी सब्जी में इस्तेमाल किया जा सकता है. ककोड़ा के बीज सब्जी का स्वाद बढ़ाते हैं और खाने में भी अच्छे लगते हैं.
इसके बाद प्याज और हरी मिर्च को बारीक काट लें और लहसुन को छीलकर तैयार कर लें. अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें सरसों का तेल डालें और तेल गर्म होने पर जीरा डालें. इसके बाद कटी हुई प्याज और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, स्वादानुसार नमक, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. मसालों को अच्छी तरह पकाएं.
Add as Preferred Source on Google
जब मसाला तेल छोड़ने लगे तो इसमें भिगोई हुई चना दाल डालें. कढ़ाई को ढककर करीब पांच मिनट तक दाल को पकाएं. जब दाल थोड़ी नरम हो जाए तो इसमें कटे हुए ककोड़ा डाल दें. अब इसे अच्छी तरह मिलाकर करीब 10 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें, ताकि यह कढ़ाई में लगे नहीं.
जब ककोड़ा और चना दाल अच्छी तरह पक जाएं तो गैस बंद कर दें. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें. इस तरह चना दाल और ककोड़ा की स्वादिष्ट सब्जी बनकर तैयार हो जाएगा. इसे गरमा-गरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. बारिश के मौसम में कम सामग्री और आसान तरीके से बनने वाली यह देसी सब्जी खाने का स्वाद बढ़ा सकती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 27, 2026, 07:19 IST



