Karauli News: हिण्डौन में बारिश बनी आफत, दुकानों और कॉलोनियों में भरा पानी, दुकानदारों को हुआ नुकसान

Last Updated:August 24, 2026, 18:07 IST
Heavy Rain In Karauli: हिण्डौन शहर में सोमवार को हुई बारिश के बाद कई प्रमुख बाजारों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया. दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा, वहीं आमजन, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई. स्थानीय लोगों ने नालियों और खारी नाले की सफाई नहीं होने पर नगर परिषद की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए.
करौली. जिले के हिण्डौन शहर में सोमवार को हुई बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख बाजारों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई. डेम्प रोड, कटरा बाजार, कंबलवाल गली, सराफा बाजार, शीतला चौराहा, मोहन नगर, मंडावरा रोड और स्टेशन रोड सहित कई क्षेत्रों में घंटों तक बारिश का पानी जमा रहा.
जलभराव के कारण बाजार में कारोबार भी प्रभावित हुआ, कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों के सामान को नुकसान पहुंचा. दुकानदारों को सामान सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. व्यापारियों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते.
आवागमन में लोगों को हुई परेशानी
सड़कों और कॉलोनियों में पानी भरने से आम लोगों के साथ विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जिला अस्पताल परिसर और तहसील कार्यालय क्षेत्र में भी जलभराव होने से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों और सरकारी कार्यालयों में काम से पहुंचे लोगों को दिक्कत हुई. स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है, उनका आरोप है कि मानसून से पहले नालियों और खारी नाले की पर्याप्त सफाई नहीं कराई गई. इसके चलते बारिश का पानी तेजी से बाहर नहीं निकल सका और शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई.
हर साल बनते हैं ऐसे हालात
स्थानीय लोगों का कहना है कि हिण्डौन में बारिश के दौरान जलभराव कोई नई समस्या नहीं है. प्रत्येक वर्ष बाजारों और कॉलोनियों में पानी भरने से व्यापारियों और आमजन को नुकसान उठाना पड़ता है. इसके बावजूद नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे हैं. लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से बारिश के पानी की निकासी के लिए ठोस और दीर्घकालिक व्यवस्था करने की मांग की है.
बारिश से उमस से मिली राहत
हालांकि बारिश के कारण जलभराव से लोगों को परेशानी हुई, लेकिन मौसम में बदलाव से उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया. जल संसाधन विभाग के अनुसार मानसून के दौरान क्षेत्र में अलग-अलग चरणों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. शहरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आगामी बारिश से पहले प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Karauli,Rajasthan
First Published :
August 24, 2026, 18:07 IST



