Kota News: खेत की मेड़ पर खेल रहा था 5 साल का मासूम, सांप के डसने से इलाज के दौरान हुई मौत

Last Updated:September 07, 2026, 19:44 IST
Death from Snake Bite: बिजौलिया के सलावटिया गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत की मेड़ पर खेल रहे 5 वर्षीय मासूम भागचंद रेगर को जहरीले सांप ने डस लिया. परिजन उसे तत्काल बिजौलिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर किया गया. यहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया.
कोटा. बिजौलिया क्षेत्र में जहरीले सांप के काटने से एक और मासूम की जान चली गई, सलावटिया गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान खेल रहे 5 वर्षीय बालक भागचंद रेगर को सांप ने काट लिया. गंभीर हालत में परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन कोटा के जेके लोन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. जानकारी के अनुसार, घटना सलावटिया गांव में स्थित एक खेत की है. बताया जा रहा है कि परिवार के लोग खेत में कृषि कार्य में जुटे हुए थे. इसी दौरान 5 वर्षीय भागचंद रेगर खेत की मेड़ पर खेल रहा था. अचानक पीछे से आए जहरीले सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद बालक की हालत बिगड़ने लगी, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
परिजन बिना देर किए बालक को उपचार के लिए बिजौलिया अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने करीब एक घंटे तक उसका इलाज किया. प्राथमिक उपचार के बाद भी बालक की हालत गंभीर बनी रही, उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन बालक को लेकर कोटा के जेके लोन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया. परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद मासूम की हालत में सुधार होगा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद बालक को बचाया नहीं जा सका.
भागचंद की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चे की चहल-पहल थी, वहां मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, ग्रामीणों के अनुसार खेतों और ग्रामीण इलाकों में बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में खेतों में काम करने वाले लोगों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. सांप के काटने की स्थिति में समय गंवाए बिना पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
September 07, 2026, 19:44 IST



