Rajasthan

Kota News: ज्वेलरी शॉप से 70 लाख की चोरी कर दिल्ली भागे बदमाश, पुलिस ने दो को दबोचा, सरगना फरार

कोटा. राजस्थान के कोटा जिला अंतर्गत सुल्तानपुर कस्बे के मेन मार्केट में ज्वेलर्स की दुकान से करीब 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने वारदात का खुलासा किया है. पुलिस ने दिल्ली से दो आरोपियों आदिल और आफताब उर्फ बग्गू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस वारदात में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुख्यात सलीम नकबजन गैंग का हाथ सामने आया है. गैंग के सरगना सलीम और इमरान की तलाश की जा रही है.

सुल्तानपुर निवासी परमानंद गुर्जर की भौंरा चौराहे के पास श्री देव ज्वेलर्स के नाम से दुकान है. 17 अक्टूबर 2026 को दुकान बंद कर संचालक घर चले गए थे. अगले दिन 18 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे 4 से 5 अज्ञात बदमाश दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसे. बदमाश दुकान से अलमारी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए. इसके अलावा दुकान की तिजोरी में रखी करीब 3 से 4 लाख रुपए की नकदी भी चुरा ली. चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपए बताई गई. इस संबंध में सुल्तानपुर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

CCTV फुटेज से कार का मिला सुराग

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में एएसपी रामकल्याण मीणा और इटावा डीएसपी ओमप्रकाश के सुपरविजन में सुल्तानपुर थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी अनुसंधान के दौरान निसान कंपनी की सनी कार संदिग्ध नजर आई. फुटेज के आधार पर कार की गतिविधियों को ट्रैक किया गया. जांच में सामने आया कि संदिग्ध कार झालिमपुरा 8 लेन टोल से मुंबई की तरफ गई थी.

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को दिया चकमा

बदमाशों ने महाराष्ट्र की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम दिया था. कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर तलाश की. करीब 28 से 30 घंटे तक लगातार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और तकनीकी जांच की गई. इसके बाद पता चला कि आरोपी दिल्ली की तरफ से आए थे और वारदात के बाद मुंबई लेन से यू-टर्न लेकर दिल्ली की तरफ चले गए. संदिग्ध कार दिल्ली के हिलालपुर टोल से बाहर निकली थी. जांच में कार दिल्ली निवासी सलीम पुत्र अब्दुल जैदी के नाम पर रजिस्टर्ड मिली. टोल पर ऑनलाइन भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड में इमरान नाम के व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई.

दिल्ली में दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली में दबिश दी. इसके बाद 30 अक्टूबर को आदिल (24) और आफताब उर्फ बग्गू (19) को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने सलीम और इमरान के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है. पुलिस का कहना है कि सलीम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है, जबकि इमरान दिल्ली के सोनिया विहार का निवासी है. दोनों के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि सलीम शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों सलीम और इमरान की तलाश में जुटी है. इस कार्रवाई में सुल्तानपुर थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की विशेष टीम शामिल रही. पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj