प्रतापगढ़ में 12वीं के छात्र की हत्या, उबल पड़े गांव वाले, आरोपियों के घरों को किया आग के हवाले, तनाव फैला

Last Updated:May 04, 2026, 16:33 IST
Pratapgarh News : राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य प्रतापगढ़ जिले में 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद वहां तनाव फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों को आग लगा दी है. इससे बवाल और भड़क गया. हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस फोर्स वहां पहुंची. एसपी और अन्य अधिकारियों ने भी मौका मुआयना किया है. फिलहाल हालत काबू में बताए जा रहे हैं. पुलिस ने पांच-छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
आगजनी में दो-तीन घर पूरी तरह से जल गए.
प्रतापगढ़. प्रतापगढ़ जिले के धरियावद उपखंड के पारसोला थाना इलाके के पाटला बावड़ी गांव में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया. देखते ही देखते यह घटना खूनी वारदात में बदल गई. इस दर्दनाक घटना में 12वीं कक्षा के नाथूलाल मीणा (17) पुत्र भीखाराम मीणा की चाकूबाजी में मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों को आग लगा दी. इससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई. उसके बाद आरोपी जंगलों में भाग गए। लेकिन पुलिस ने कुछ आरोपियों को ढूंढकर पकड़ लिया है.
धरियावद डीएसपी नानालाल सालवी ने बताया कि पाटला बावड़ी गांव में रविवार को आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान नाथूलाल और विनोद बीच मामूली कहासुनी हो गई थी. यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर तत्काल झगड़ा शांत करवा दिया था. लेकिन यह शांति ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. यही विवाद आगे चलकर जानलेवा साबित हुआ.
घात लगाकर किया गया हमलापुलिस के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब नाथूलाल अपने घर लौट रहा था तभी पाटला बावड़ी मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया. इसके बाद उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल नाथूलाल को तुरंत धरियावद अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया.
आरोपियों के घरों को लगाई आगघटना के बाद गांव में आक्रोश भड़क उठा और हालात तनावपूर्ण हो गए. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों को निशाना बना लिया. उन्होंने 2-3 केलुपोस घरों और पशुओं के बाड़ों में आग लगा दी. आग इतनी भीषण थी कि घरों में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. बाद में पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से कुछ अनाज और पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
मुख्य आरोपी सहित 5 से 6 संदिग्धों को डिटेन कर लिया गया हैघटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित 5 से 6 संदिग्धों को डिटेन कर लिया है. उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी जंगलों की ओर फरार हो गए थे. उन्हें तलाश कर हिरासत में ले लिया गया है.
एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके परमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और तहसीलदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने हालात का जायजा लिया. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है. आगजनी की इस घटना में 2-3 घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं. डीएसपी नानालाल सालवी के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Pratapgarh,Pratapgarh,Rajasthan



