NEET PG 2026 Paper Leak: जयपुर में आखिर क्या हुआ? PIB ने बताया सच, 2,445 कैंडिडेट्स देंगे फिर परीक्षा

NEET PG 2026 Latest Update: NEET PG 2026 की परीक्षा के बाद जयपुर के सीतापुरा केंद्र पर हुए हंगामे को लेकर सोशल मीडिया पर पेपर लीक की खबरें तेजी से वायरल हुईं, लेकिन अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो यानी PIB Fact Check ने इन दावों को भ्रामक बताया है. PIB ने साफ किया है कि NEET PG 2026 का पेपर लीक नहीं हुआ था.जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर जो परेशानी आई वह तकनीकी गड़बड़ी और बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण हुई थी.
इस बीच प्रभावित उम्मीदवारों को राहत देते हुए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS)ने 2,445 उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है. यह परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी. परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग से जुड़ी बाकी जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को अलग से दी जाएगी.
सबसे पहले जानिए अब तक क्या हुआ
NEET PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर में आयोजित की गई थी.परीक्षा के लिए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में 1,111 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे.कुल 2,73,096 उम्मीदवारों के लिए परीक्षा निर्धारित थी.इनमें से 2,65,980 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए और करीब 2,63,535 उम्मीदवारों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हो गई लेकिन जयपुर के सीतापुरा स्थित दो केंद्रों जिनके टेस्ट सेंटर नंबर 41682 और 41683 हैं वहां तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी. इन दोनों केंद्रों पर कुल 2,445 उम्मीदवार प्रभावित हुए.आधिकारिक जानकारी के मुताबिक समस्या परीक्षा केंद्रों की आंतरिक बिजली आपूर्ति से जुड़ी थी.
जयपुर में परीक्षा के दौरान आखिर हुआ क्या था?
परीक्षा केंद्र पर पहुंचे उम्मीदवारों के मुताबिक परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी लेकिन तकनीकी परेशानी के कारण कई उम्मीदवारों की परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी. कुछ कंप्यूटरों पर परीक्षा खुल गई जबकि कुछ सिस्टम काम नहीं कर रहे थे.उम्मीदवारों का आरोप था कि परीक्षा शुरू होने के बाद भी कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे. कुछ अभ्यर्थियों के मुताबिक सिस्टम दोबारा शुरू होने पर स्क्रीन पर केवल कुछ सवाल दिखाई दिए और फिर कंप्यूटर बंद हो गया.कुछ उम्मीदवारों ने दावा किया कि दो घंटे के दौरान करीब 10 बार तक परीक्षा बाधित हुई.कुछ सिस्टम पर 3 से 4 सवाल दिखाई देने और कुछ अन्य सिस्टम पर 5 से 6 सवाल आने के बाद फिर से कंप्यूटर बंद होने की बात भी उम्मीदवारों ने कही. इस वजह से परीक्षा दे रहे डॉक्टरों में काफी नाराजगी फैल गई.PIB और NBEMS की आधिकारिक जानकारी में परीक्षा बाधित होने की वजह आंतरिक बिजली आपूर्ति की समस्या बताई गई है.पेपर लीक होने की बात को PIB ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है.
परीक्षा केंद्र के बाहर हुआ विरोध-प्रदर्शन
परीक्षा में बार-बार आ रही रुकावट से परेशान उम्मीदवारों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया. मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे और उम्मीदवारों से बातचीत की.उम्मीदवारों ने परीक्षा की निष्पक्षता और तकनीकी खराबी के कारण अपने प्रदर्शन पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल उठाए. उनका कहना था कि NEET PG जैसी परीक्षा में एक-एक नंबर बेहद महत्वपूर्ण होता है. रैंक में थोड़ा सा अंतर भी आगे चलकर मेडिकल स्पेशलिटी और कॉलेज चुनने के विकल्पों पर असर डाल सकता है.कुछ उम्मीदवारों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने और प्रदर्शन जारी रखने पर उनके खिलाफ कार्रवाई या FIR की चेतावनी दी गई.
पेपर लीक की खबर कैसे फैली?
परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बंद होने, अलग-अलग समय पर सिस्टम चलने और कुछ उम्मीदवारों की स्क्रीन पर कुछ सवाल दिखाई देने जैसी घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर पेपर लीक की आशंका जताई जाने लगी.जयपुर केंद्र की घटना से जुड़ी कई पोस्ट और दावे सोशल मीडिया पर वायरल हुए. इनमें NEET PG 2026 के प्रश्नपत्र के लीक होने की बात कही गई.मामला तेजी से फैलने के बाद PIB Fact Check ने इन दावों की जांच की और सोशल मीडिया पर चल रही पेपर लीक की खबर को भ्रामक बताया. PIB ने कहा कि NEET PG परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ था और जयपुर में हुई परेशानी तकनीकी व्यवधान के कारण थी.
PIB ने साफ किया- NEET PG पेपर लीक नहीं हुआ
PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर चल रहे दावे को खारिज करते हुए कहा कि NEET PG परीक्षा में कोई प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ.PIB के मुताबिक जयपुर के सीतापुरा केंद्रों पर तकनीकी समस्या आंतरिक बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी के कारण हुई.उम्मीदवारों को भी सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं को ही आधार बनाएं.
2,445 उम्मीदवारों की अब दोबारा होगी परीक्षा
जयपुर के दोनों प्रभावित केंद्रों पर परीक्षा पूरी नहीं हो पाने के बाद NBEMS ने बड़ा फैसला लिया है.प्रभावित सभी 2,445 उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी.री-एग्जाम की तारीख 5 सितंबर 2026 तय की गई है.परीक्षा दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी. यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर पाने वाले उम्मीदवारों को बाकी उम्मीदवारों के बराबर मौका मिल सके.NBEMS ने प्रभावित उम्मीदवारों को हुई परेशानी पर खेद भी जताया है.परीक्षा केंद्र और दूसरी जरूरी जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को अलग से उपलब्ध कराई जाएगी.



