धमाल-4 देखकर निकले लोगों ने दिया गजब रिएक्शन, देखें सिनेमा हॉल जाने से पहले रिव्यू

पटना: अजय देवगन, रितेश देशमुख सहित मल्टी स्टारर कॉमेडी फ्रेंचाइजी धमाल-4 इस शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. पहले दिन शुरुआत धीमी हुई लेकिन, दोपहर तक लोगों की अच्छी खासी भीड़ जुटने लगी. पटना स्थित रिजेंट सिनेमा में फर्स्ट डे फर्स्ट शो की शुरुआत लगभग 60 लोगों से हुई लेकिन, दोपहर और शाम वाले शो में 250 से 300 लोगों ने फिल्म देखा. फर्स्ट शो देखकर निकल रहे दर्शकों से लोकल 18 ने फिल्म पर उनकी राय ली.
फिल्म देखकर बाहर निकले दर्शकों की राय मिली-जुली रही. किसी ने अजय देवगन की दमदार एंट्री और रवि किशन की शानदार कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की तो किसी को आदि मानव का किरदार सबसे ज्यादा पसंद आया. कई दर्शकों का कहना है कि फिल्म हंसाती तो है, लेकिन धमाल के पुराने पार्ट्स जैसा जादू नहीं दिखा पाती. कुछ ने इसे एक बार देखने लायक बताया, जबकि कई लोगों ने साफ कहा कि यह मस्ट वॉच फिल्म नहीं है.
उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीधमाल-4 का फर्स्ट शो देख निकले निहाल ने बताया कि फिल्म एवरेज है. इसमें थोड़ी-बहुत कॉमेडी है, लेकिन कहानी कमजोर है. सभी एक्टर्स ने अपना किरदार अच्छी तरह निभाया है, फिर भी फिल्म में कुछ खास दम नजर नहीं आता. अगर इसकी तुलना धमाल के पुराने पार्ट्स से करें, तो यह उन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती. मैं इसे 5 में से 2 स्टार दूंगा.
फुलौरी बिना चटनी कईसे बनी ने जीता दिलदर्शक शुभेंदु पाठक ने कहा कि मुझे फिल्म काफी पसंद आई. खासकर क्लाइमैक्स ने लोगों का दिल जीत लिया. मैं इसे 5 में से 4 स्टार दूंगा. फिल्म कॉमेडी और रोमांस से भरपूर है. डायलॉग्स पर थिएटर में खूब सीटियां और ठहाके सुनाई दिए. आखिर में भोजपुरी गाना ‘फुलौरी बिना चटनी कईसे बनी’ भी शामिल किया गया है. इसने बिहार के दर्शकों को काफी कनेक्ट किया. सभी कलाकारों ने शानदार काम किया है.
अजय देवगन की एंट्री, रवि किशन की कॉमेडी गजबबिक्की कुमार ने बताया कि फिल्म बहुत अच्छी है. इसे देखकर काफी मजा आया. अजय देवगन की एंट्री पर थिएटर में खूब सीटियां बजी. शुरुआत से ही जबरदस्त कॉमेडी देखने को मिली. हालांकि, बीच में फिल्म थोड़ी धीमी लगी, लेकिन क्लाइमैक्स ने उसकी भरपाई कर दी. रवि किशन ने सबसे ज्यादा हंसाया. सभी लोगों को अपने दोस्तों और परिवार के साथ यह फिल्म देखनी चाहिए. दोस्तों के साथ देखेंगे तो और ज्यादा मजा आएगा. आखिर में भोजपुरी गाना सुनकर भी काफी अच्छा लगा. मैं इसे 5 में से 4 स्टार दूंगा.
पहले वाले पार्ट्स से तुलना नहीं हो सकतीरोहित ने बताया कि फिल्म काफी अच्छी है. यह कॉमेडी से भरपूर है और रवि किशन की एक्टिंग देखकर खूब मजा आया. मैंने धमाल के सभी पार्ट्स देखे हैं, लेकिन पहले वाले पार्ट्स से धमाल 4 की तुलना नहीं की जा सकती.
कहानी में नहीं है कुछ नयाशंकर ने बताया कि फिल्म में कुछ खास नया देखने को नहीं मिला. पहले जैसी ही कहानी दोहराई गई है. मुझे लगता है कि मेकर्स के पास नई कहानी नहीं बची, इसलिए पुराने कॉन्सेप्ट को ही दोबारा पेश किया गया है. वही खजाना, वही कहानी और कई पुराने डायलॉग्स का इस्तेमाल किया गया है. भोजपुरी गाना जरूर जोड़ा गया है, लेकिन उसकी कोई खास जरूरत नहीं थी. शायद बिहार और यूपी के दर्शकों को थिएटर तक लाने के लिए इसे शामिल किया गया है. सभी कलाकारों ने अपना काम अच्छी तरह किया है, लेकिन कहानी और किरदारों में दम नजर नहीं आता. आदि मानव का किरदार थोड़ा फनी लगा, बाकी कलाकार ज्यादा हंसाने में सफल नहीं रहे. मैं इसे 10 में से 4 स्टार दूंगा.
फ्री बैठे हैं तो देख लीजिए, लेकिन मस्ट वॉच नहींहर्ष कुमार ने बताया कि फिल्म ठीक-ठाक है. मनोरंजन के लिए एक बार देखी जा सकती है, लेकिन इसे मस्ट वॉच नहीं कहा जा सकता. ओटीटी पर भी यह उतनी ही मजेदार लगेगी. धुरंधर और पुष्पा जैसी फिल्में थिएटर में देखने का अलग ही अनुभव देती हैं, लेकिन धमाल 4 जैसी फिल्म मोबाइल पर भी देखी जा सकती है. इसकी कहानी धमाल 1, 2 और 3 जैसी ही लगती है. इसमें कोई खास नयापन नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि फिल्म प्रेडिक्टेबल है. आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगले सीन में क्या होगा और फिल्म का अंत कैसे होगा. अगर आप खाली हैं और परिवार के साथ हल्का-फुल्का मनोरंजन करना चाहते हैं, तो फिल्म देख सकते हैं. अगर नहीं देखेंगे, तो भी कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा.



