सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों ने जहाज हाईजैक किया, 6 भारतीय भी बंधक, हथियारों से लदा था कार्गो शिप

होमदुनियाअन्य देश
सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों ने जहाज हाईजैक किया, 6 भारतीय समेत 10 लोग बंधक
Last Updated:August 21, 2026, 05:44 IST
Indian On Hijack Ship: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने M/V LUTUF कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया. जहाज पर 6 भारतीय समेत 10 सदस्यीय क्रू सवार था. इसमें तुर्की के हथियार, कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण लदे थे. जहाज को तट की ओर ले जाया गया. इलाके में तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी की गई.सोमालिया के तट के पास कार्गो शिप हाईजैक किया गया है.
Somalia Ship Hijack: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने एक कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया. जहाज पर सवार 10 सदस्यीय क्रू में 6 भारतीय नागरिक शामिल हैं. कैमरून के झंडे वाला M/V LUTUF सोमवार को कब्जे में लिया गया और उसे पुंटलैंड के तट की ओर ले जाया गया. जहाज में तुर्की के हथियारों के साथ कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण भी लदे थे. सोमाली अधिकारी के मुताबिक जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मर्राया के पास तट से करीब 10 किमी दूर कब्जे में लिया गया. जहाज का मालिक पोलर मूवमेंट शिपिंग बताया गया है.
जहाज पर भारतीय भी सवार
हाईजैक किए गए जहाज पर 6 भारतीयों के अलावा एक तुर्की का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड मौजूद थे. घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय और तुर्की अधिकारियों की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई. समुद्री लुटेरों की संख्या करीब आठ बताई जा रही है. अधिकारी के मुताबिक ये वही लुटेरे हो सकते है जिन्होंने 26 अप्रैल को M/V स्वार्ड को हाईजैक किया.
तुर्की ने एयरस्ट्राइक किया?
हाईजैकर्स जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास ले गए. इसके बाद तुर्की के स्वामित्व वाले दो जहाज वहां पहुंचे. इलाके की निगरानी के लिए तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन भी लगाए गए. मंगलवार को एक छोटी नाव से दो लोग जहाज के पास पहुंचे और वहां खत (Khat) पहुंचाया. यह सोमालिया में आम तौर पर चबाया जाने वाला उत्तेजक पदार्थ है. नाव के वापस लौटने के बाद एयर स्ट्राइक हुई, जिसमें चार लोगों के मारे जाने और दो के घायल होने की खबर है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि हवाई हमला किसने किया था और मारे गए लोग समुद्री लुटेरों में से थे या नहीं. जहाज, उसके क्रू और उसमें मौजूद सामान की मौजूदा स्थिति भी साफ नहीं है.
अदन की खाड़ी में भी दूसरा हाईजैक
सोमालिया के आसपास समुद्री लूट की यह घटना ऐसे समय हुई है जब अदन की खाड़ी में भी एक अलग जहाज को हथियारबंद लोगों ने कब्जे में ले लिया. गुरुवार को अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में आए Seamull, जिसे SIBU 1 के नाम से भी जाना जाता है, पर छह हथियारबंद लोग सवार हुए. यूरोपीय संघ के मारीटाइम सिक्योरिटी सेंटर इंडियन ओशियन के मुताबिक हमलावरों ने जहाज पर नियंत्रण कर लिया और उसे सोमालिया की ओर जाने के लिए मजबूर किया. अमेरिका ने इस टैंकर को पिछले साल ईरान के कथित ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा बताते हुए प्रतिबंधित किया था. आरोप है कि ऐसे जहाजों से ईरानी तेल का बेचा जाता है.
सोमालिया में फिर लौट रहा समुद्री डकैती का खतरा
सोमालिया के तट पर समुद्री डकैती 2011 में चरम पर पहुंची थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक गश्त और जहाजों की सुरक्षा बढ़ने के बाद इसमें काफी कमी आई. अब अप्रैल से फिर कई घटनाएं सामने आने लगी हैं और कुछ जहाजों को बंधक बनाए जाने की खबरें भी आई हैं. M/V LUTUF पर 6 भारतीयों के सवार होने की वजह से इस ताजा हाईजैक ने भारतीय समुद्री सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.
About the AuthorYogendra Mishra
Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ेंFirst Published :
August 21, 2026, 05:24 IST



