Places to Visit in Udaipur | Places to Visit During Mansoon | उदयपुर मानसून टूरिस्ट प्लेस | उदयपुर मानसून टूरिस्ट प्लेस |

Last Updated:August 07, 2026, 07:05 IST
Childrens Tourist Destinations Udaipur: अगर आप मानसून के मौसम में परिवार और बच्चों के साथ उदयपुर घूमने की योजना बना रहे हैं, तो लेकसिटी की कई ऐसी जगहें हैं जहां प्रकृति, रोमांच और मनोरंजन का बेहतरीन संगम देखने को मिलता है. करणी माता रोपवे से अरावली की हरियाली, पिछोला झील और सिटी पैलेस का शानदार नजारा दिखाई देता है. दूध तलाई में बोटिंग बच्चों और बड़ों दोनों के लिए यादगार अनुभव बन जाती है. वहीं गुलाब बाग की टॉय ट्रेन बच्चों की सबसे पसंदीदा सवारी मानी जाती है. फतेहसागर झील किनारे स्थित राजीव गांधी पार्क में झूले, गार्डन और खुला वातावरण परिवार के साथ समय बिताने के लिए आदर्श है. नेहरू गार्डन तक नाव से पहुंचने का रोमांच और मानसून की हरियाली इस सफर को और खास बना देती है. बारिश के मौसम में इन सभी स्थानों की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है.
मानसून के मौसम में अगर आप परिवार के साथ उदयपुर घूमने आ रहे हैं और बच्चों के लिए ऐसी जगह तलाश रहे हैं, जहां वे खुलकर खेल सकें, प्रकृति का आनंद ले सके और परिवार के साथ अच्छा समय बिता सकें, तो लेकसिटी में कई बेहतरीन विकल्प मौजूद है .हरियाली, झीलों और पहाड़ियों के बीच स्थित ये स्थान बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आते हैं. आइए जानते हैं उदयपुर की ऐसी पांच खास जगहों के बारे में, जहां मानसून के दौरान घूमने का अलग ही आनंद मिलता है.
सबसे पहले बात करते हैं करणी माता रोपवे की. दूध तलाई से शुरू होने वाला यह रोपवे बच्चों के लिए किसी रोमांचक सफर से कम नहीं है. रोपवे से पूरे उदयपुर शहर, पिछोला झील, सिटी पैलेस और अरावली की हरी-भरी पहाड़ियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. ऊपर करणी माता मंदिर पहुंचने के बाद परिवार के साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया जा सकता है. मानसून में यहां का दृश्य और भी आकर्षक हो जाता है.
अगर बच्चे झील में बोटिंग का आनंद लेना चाहते हैं तो दूध तलाई में बोट राइड उनके लिए शानदार विकल्प है. यहां से झील और आसपास की पहाड़ियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. शाम के समय बोट राइड के साथ ठंडी हवाओं का आनंद पर्यटकों की यात्रा को यादगार बना देता है. पास में फूड स्टॉल और बैठने की व्यवस्था भी उपलब्ध रहती है.
Add as Preferred Source on Google
गुलाब बाग की टॉय ट्रेन उदयपुर आने वाले बच्चों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक मानी जाती है. गुलाब बाग में चलने वाली छोटी ट्रेन बच्चों को पूरे पार्क की सैर कराती है. यहां हरियाली, खुले मैदान और घूमने के लिए पर्याप्त जगह होने से परिवार आराम से समय बिता सकता है. मानसून में बाग की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है.
राजीव गांधी पार्क फतेहसागर झील के किनारे स्थित है. यह पार्क बच्चों के खेलने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतरीन स्थान है. पार्क में बच्चों के लिए झूले, खुला वातावरण और सुंदर गार्डन मौजूद हैं. बारिश के मौसम में ठंडी हवाएं और झील का मनमोहक दृश्य इस जगह को और भी खास बना देता है. शाम के समय यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं.
नेहरू गार्डन फतेहसागर झील के बीच में बना हुआ है. इस खूबसूरत गार्डन तक नाव के जरिए पहुंचा जाता है. नाव की सवारी बच्चों के लिए रोमांच से भरपूर अनुभव होती है. गार्डन में फव्वारे, हरियाली और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. मानसून के दौरान चारों ओर फैली हरियाली इस जगह की सुंदरता में चार चांद लगा देती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 07, 2026, 07:05 IST



