World

PM Modi UAE Visit 2026| UAE Facts: 50 साल पहले सिर्फ रेत…आज दुनिया का सबसे मॉडर्न देश! UAE के बारे में 10 चौंकाने वाली बातें

PM Modi UAE Visit 2026, UAE Facts: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूएई दौरे पर हैं और एक बार फिर भारत और संयुक्त अरब अमीरात के रिश्ते चर्चा में हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज गगनचुंबी इमारतों, लग्जरी कारों और दुनिया के सबसे आधुनिक शहरों के लिए पहचाना जाने वाला UAE करीब 50 साल पहले सिर्फ रेगिस्तान हुआ करता था? यहां दूर-दूर तक रेत के टीले दिखाई देते थे और लोग ऊंटों पर सफर करते थे. कुछ ही दशकों में इस देश ने ऐसी तरक्की की कि पूरी दुनिया हैरान रह गई. आइए जानते हैं यूएई से जुड़े कुछ बेहद दिलचस्प और हैरान कर देने वाले फैक्ट्स…

1971 में बना था यूएई

संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE की स्थापना 2 दिसंबर 1971 को हुई थी. ब्रिटेन ने यहां मौजूद सात अमीरातों को स्वतंत्र किया जिसके बाद इन सभी ने मिलकर एक महासंघ बनाया. यही आगे चलकर UAE कहलाया.शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान देश के पहले राष्ट्रपति बने. आज UAE सात अमीरातों का संघ है.इसमें अबू धाबी,दुबई, शारजाह,अजमान,उम्म अल क्वैन,रस अल खैमाह, फुजैराह आदि शामिल हैं.

कभी सिर्फ रेगिस्तान था ये देश

आज दुबई और अबू धाबी जैसी चमचमाती इमारतें देखकर यकीन करना मुश्किल होता है कि कुछ दशक पहले यहां सिर्फ रेत ही रेत थी. लोग ऊंटों से सफर करते थे और जीवन काफी साधारण था, लेकिन तेल मिलने के बाद UAE की किस्मत बदल गई. पिछले 50 सालों में इस देश ने ऐसी तरक्की की कि दुनिया के सबसे आधुनिक शहर यहां बस गए.

दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल

संयुक्त अरब अमीरात (UAE)दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल है. 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार UAE विश्व का 7वां या 8वां सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है.UAE रोजाना औसतन 3.8 से 4.1 मिलियन बैरल यानी लगभग 40 लाख बैरल कच्चा तेल उत्पादित करता है.UAE ने अपना उत्पादन बढ़ाने की क्षमता विकसित की है. उसका लक्ष्य 2027 तक 5 मिलियन बैरल प्रति दिन पहुंचाने का है.इसके अलावा UAE के पास दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडारों में से एक है. अनुमान है कि उसके पास करीब 113 अरब बैरल का प्रोवेन ऑयल रिजर्व मौजूद है, जो दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग 6% से ज्यादा हिस्सा है.UAE की अर्थव्यवस्था में तेल का बड़ा योगदान है, खासकर आबू धाबी अमीरात के पास देश के लगभग 95% तेल भंडार मौजूद हैं. वहीं दुबई ने तेल के अलावा पर्यटन, रियल एस्टेट और बिजनेस हब के तौर पर भी खुद को मजबूत किया है.तेल से आने वाला पैसा आज भी इसकी अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत माना जाता है.

200 से ज्यादा देशों के लोग रहते हैं यहां

यूएई की कुल आबादी करीब 95 लाख है, लेकिन सबसे खास बात यह है कि यहां 200 से ज्यादा देशों के लोग रहते हैं.भारतीय और पाकिस्तानी समुदाय यहां सबसे बड़ी संख्या में मौजूद हैं. इसके अलावा मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और फिलिस्तीन समेत कई देशों के लोग यहां काम और कारोबार करते हैं.इसी वजह से UAE को दुनिया के सबसे बहुसांस्कृतिक देशों में गिना जाता है.

दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग भी यहीं

दुबई में मौजूद बुर्ज खलीफा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है. इसकी ऊंचाई 828 मीटर है और इसमें कुल 163 मंजिलें हैं.यह इमारत 2010 में पूरी हुई थी. लाखों लोग सिर्फ बुर्ज खलीफा देखने के लिए दुबई घूमने जाते हैं.

दुबई पुलिस के पास फेरारी और लैंबोर्गिनी

यूएई की अमीरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुबई पुलिस के पास दुनिया की सबसे महंगी और लग्जरी कारें हैं.दुबई पुलिस की फ्लीट में फेरारी,लैंबोर्गिनी,एस्टन मार्टिन,बुगाटी,बेंटलेजैसी सुपरकार शामिल हैं. ये कारें अक्सर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनती हैं.

समुद्र पर बना दिया द्वीप

दुबई ने पर्यटन और निवेश बढ़ाने के लिए समुद्र के बीच पाम जुमेराह नाम का कृत्रिम द्वीप बनाया. यह द्वीप खजूर के पेड़ की तरह दिखाई देता है और अंतरिक्ष से भी साफ नजर आता है. यहां लग्जरी होटल, आलीशान विला और बड़े रिसॉर्ट मौजूद हैं.

UAE में 9000 से ज्यादा मस्जिदें

यूएई में इस्लाम आधिकारिक धर्म है.यहां करीब 76 फीसदी आबादी मुस्लिम है.इसी वजह से पूरे देश में 9,123 से ज्यादा मस्जिदें मौजूद हैं. हालांकि यहां दूसरे धर्मों के लोग ईसाई 9%,हिंदू और बौद्ध 10%, अन्य धर्म के 5% रहते हैं.

अबू धाबी सबसे बड़ा अमीरात

अबू धाबी UAE का सबसे बड़ा अमीरात है और यह देश की राजधानी भी है.यह UAE के कुल क्षेत्रफल का लगभग 87 फीसदी हिस्सा कवर करता है. सबसे बड़ी बात यह है कि देश के करीब 95 फीसदी तेल और 92 फीसदी गैस भंडार भी यहीं मौजूद हैं.

सबसे छोटा अमीरात कौन सा है?

अजमान UAE का सबसे छोटा अमीरात है. इसका क्षेत्रफल लगभग 260 वर्ग किलोमीटर है हालांकि छोटा होने के बावजूद यह अपनी खूबसूरत बीच और सांस्कृतिक आकर्षणों के लिए मशहूर है. यहां मौजूद अजमान म्यूजियम काफी लोकप्रिय है, जो 18वीं सदी के किले में बना हुआ है. उम्म अल क्वैन सातों अमीरातों में सबसे कम आबादी वाला क्षेत्र है.यहां का ड्रीमलैंड एक्वा पार्क और एमिरेट्स मोटरप्लेक्स काफी मशहूर हैं, जहां लोग वॉटर एक्टिविटी और रेसिंग का मजा लेने पहुंचते हैं.

क्यों खास है UAE?

यूएई आज सिर्फ तेल से अमीर देश नहीं है, बल्कि यह टेक्नोलॉजी, टूरिज्म, बिजनेस और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का भी बड़ा केंद्र बन चुका है.एक ऐसा देश जिसने रेगिस्तान से निकलकर दुनिया की सबसे ऊंची इमारतें खड़ी कर दीं, समुद्र पर द्वीप बना दिए और पूरी दुनिया के लोगों को अपने यहां बसने का मौका दिया. यही वजह है कि आज UAE दुनिया के सबसे अनोखे और तेजी से विकसित देशों में गिना जाता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj