Ramayana: 2027 में नहीं रिलीज होगी ‘रामायण 2’, दो नहीं 3 पार्ट में बनेगी? नमित मल्होत्रा ने फिल्म को लेकर किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली. रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है. फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज से पहले ही इसके अगले पार्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आ गई है. जिस फिल्म के दूसरे पार्ट का इंतजार दर्शक 2027 में करने वाले थे, उसके लिए अब एक साल और इंतजार करना होगा. इतना ही नहीं, फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसके तीसरे पार्ट की संभावना से भी इनकार नहीं किया है. यानी दर्शकों को भगवान राम की पूरी गाथा देखने के लिए दो नहीं, बल्कि तीन फिल्में भी मिल सकती हैं. मेकर्स ने खुद इंटरव्यू में फिल्म की रिलीज योजना और कहानी से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ दो पार्ट में रिलीज करने की योजना के साथ तैयार की जा रही है. पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है. वहीं, दूसरे पार्ट को पहले दिवाली 2027 में रिलीज करने की तैयारी थी. अब इसकी रिलीज को आगे बढ़ाकर 2028 कर दिया गया है.
मेकर्स को चाहिए थोड़ा और समय
E Online News को दिए इंटरव्यू में निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसकी वजह बताई. उन्होंने कहा कि फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने के लिए मेकर्स को थोड़ा और समय चाहिए. उनके मुताबिक, टीम जल्दबाजी में काम नहीं करना चाहती. वह दूसरे पार्ट को उसी भव्यता के साथ दर्शकों के सामने लाना चाहती है, जिसकी इस कहानी से उम्मीद की जा रही है. नमित ने यह भी बताया कि फिल्म के हिंदी और इंग्लिश वर्जन को अलग-अलग तरीके से तैयार किया गया है. इंग्लिश वर्जन के लिए स्क्रिप्ट को दोबारा लिखा गया और अलग एडिट तैयार किया गया है. मेकर्स चाहते हैं कि दोनों वर्जन अपनी अलग पहचान के साथ दर्शकों तक पहुंचें.
दूसरे पार्ट में होगा सीता हरण-रावण से युद्ध
नमित मल्होत्रा ने फिल्म की कहानी को लेकर भी खास जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पहले पार्ट में भगवान राम के शुरुआती जीवन और उनके सफर को दिखाया जाएगा. कहानी में राम के साथ उनके भाइयों लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का भी अहम हिस्सा होगा. भगवान विष्णु के अवतार के रूप में राम के रावण का अंत करने के उद्देश्य को भी कहानी में जगह मिलेगी. हालांकि, सीता हरण और रावण के साथ राम का बड़ा संघर्ष दूसरे पार्ट में देखने को मिलेगा. यानी पहले पार्ट में दर्शकों को उस कहानी की जमीन तैयार होती दिखाई देगी, जिसका भव्य समापन अगले भाग में होगा. दूसरे पार्ट में राम के सीता को खोजने के सफर पर फोकस रहेगा. नमित का कहना है कि वह इस कहानी के साथ कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते. इसके लिए एक साल और लिया जा रहा है, ताकि फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा सके.
क्या तीन पार्ट में बनेगी ‘रामायण’?
इस फिल्म को लेकर सबसे दिलचस्प खुलासा इसके तीसरे पार्ट को लेकर हुआ है. नमित मल्होत्रा ने बताया कि शुरुआत में मेकर्स ने इस कहानी को तीन फिल्मों में बनाने की प्लानिंग थी. बाद में इसे दो पार्ट में समेटने का फैसला लिया गया. हालांकि, अब उन्होंने तीसरे पार्ट की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है. उनके मुताबिक, पहले दो पार्ट रिलीज होने के बाद दर्शकों के रिएक्शन और उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए मेकर्स दोबारा इस योजना पर विचार कर सकते हैं. कहानी में इतना कुछ है कि जरूरत पड़ने पर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है.
4000 करोड़ रुपये का है फिल्म का बजट
‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान का रोल निभा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन दो पार्ट वाली फिल्म का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. पहले पार्ट का रनटाइम 195 मिनट यानी 3 घंटे 15 मिनट है. भारत में फिल्म को बिना किसी कट के U सर्टिफिकेट मिला है. वहीं, अमेरिका में इसे PG-13 रेटिंग दी गई है. फिल्म हिंदी और इंग्लिश में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज होने वाली है.



