Russia Ukraine War Stop: यूक्रेन-रूस जंग खत्म कराने में एक्टिव हुआ भारत, पुतिन और जेलेंस्की को दी सीधी बातचीत की नसीहत

होमताजा खबरदेश
यूक्रेन-रूस जंग खत्म कराने में एक्टिव हुआ भारत, ब्लैक सी पर क्या बोले जयशंकर?
Last Updated:October 04, 2026, 19:17 IST
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी खूनी संघर्ष को थामने के लिए भारत अब सिर्फ मूक दर्शक या शांति की अपील करने वाला देश नहीं रहा, बल्कि समाधान की मेज पर बेहद सक्रिय मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दो-टूक शब्दों में साफ किया कि हाल के महीनों में भारत दोनों मुल्कों के साथ लगातार संपर्क में है और युद्ध खत्म करने के ठोस रास्तों पर बातचीत कर रहा है.जयशंकर ने कहा कि रूस और यूक्रेन दोनों के साथ भारत बातचीत कर रहा है. (फाइल फोटो)
यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के प्रयासों को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 4 अक्टूबर को कहा कि हाल के महीनों में भारत की भूमिका सिर्फ अपील या वकालत तक सीमित नहीं रही है, बल्कि भारत संघर्ष के समाधान के लिए सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि भारत इस संघर्ष का अंत देखना चाहता है. जयशंकर ने कहा कि भारत चाहता है कि रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत शुरू हो और वार्ता के जरिए समाधान निकले. उन्होंने बताया कि भारत दोनों देशों के साथ बातचीत कर रहा है और संघर्ष को खत्म करने के रास्तों पर चर्चा हो रही है.
विदेश मंत्री के मुताबिक, बातचीत में रूस और यूक्रेन के एक-दूसरे पर हमला नहीं करने की संभावनाओं का मुद्दा भी शामिल है. इसके अलावा ब्लैक सी में जहाजों की आवाजाही को लेकर संभावनाओं पर भी चर्चा की जा रही है. जयशंकर ने कहा कि भारत रूस और यूक्रेन के साथ अनाज और ऊर्जा के निर्यात को लेकर भी बातचीत कर रहा है. भारत का संदेश है कि संघर्ष को लंबा खींचने के बजाय युद्धविराम और बातचीत के जरिए स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है. रूस-यूक्रेन युद्ध अब पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है. इस युद्ध में हजारों नागरिकों की मौत हुई है, लाखों लोग विस्थापित हुए हैं और मकानों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है.
‘भारत के युद्धविराम प्रस्ताव पर विचार के लिए यूक्रेन तैयार’जयशंकर की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है, जबकि एक दिन पहले ही 2 अक्टूबर को यूक्रेन ने रूस के साथ संभावित युद्धविराम के लिए भारत के प्रस्ताव को कीव को मिले चार प्रस्तावों में से ‘सबसे व्यापक’ बताया था. यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने कहा कि उनका देश ऊर्जा बुनियादी ढांचे और काला सागर को लेकर युद्धविराम के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए तैयार है. अखबार ‘यूरोपियन प्रावदा’ के अनुसार सिबिहा ने कीव में संवाददाताओं से कहा, “हमारे पास चार प्रस्ताव हैं. इनमें सबसे व्यापक भारत का प्रस्ताव है. हम ऊर्जा क्षेत्र और काला सागर को लेकर युद्धविराम के लिए तैयार हैं, लेकिन केवल दोनों को एक साथ लागू किए जाने की स्थिति में.”
About the Authorराकेश रंजन कुमार
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 04, 2026, 19:02 IST



