SA vs AUS, Day-4: रन चेज में बिखरी दक्षिण अफ्रीका की टीम, ऑस्ट्रेलिया जीत से सिर्फ 6 विकेट दूर

डरबन: ऑस्ट्रेलिया ने किंग्समीड में पहले टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 314 रन बनाकर घोषित की, जिससे दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 421 रन का लक्ष्य मिला. दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 102 रन बना लिए थे और उसे अंतिम दिन जीत के लिए 319 रन की जरूरत है जबकि उसके सिर्फ छह विकेट शेष हैं. मैट रेनशॉ ने 82 रन की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पहली पारी में करियर के सर्वश्रेष्ठ 190 रन बनाए थे.
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही. टीम ने कप्तान तेम्बा बावुमा और ट्रिस्टन स्टब्स के विकेट भी जल्दी गंवा दिए. दोनों बल्लेबाज एक-एक रन बनाकर आउट हुए. दिन का खेल समाप्त होने पर एडेन मार्कराम 115 गेंद पर 45 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि वियान मुल्डर पांच रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं. रेनशॉ के लिए यह टेस्ट यादगार रहा. उन्होंने पहली पारी में 190 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 82 रन बनाए और टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला विकेट भी हासिल किया. उन्होंने बावुमा को शॉर्ट लेग पर निक मैडिनसन के हाथों कैच कराया.
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका शुरुआत हुई खराब
दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले रेयान रिकेल्टन का विकेट दो रन पर गंवा दिया था. वह जोश हेजलवुड की गेंद पर कैच आउट हुए. हेजलवुड ने उन्हें इस मैच में दूसरी बार आउट किया. डेविड बेडिंघम भी हेजलवुड की गेंद पर पगबाधा आउट हुए. वह लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक से चूक गए. उन्होंने पहली पारी में 49 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में 46 रन बनाए. पैट कमिंस ने स्टब्स को विकेट के पीछे कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया जिससे टीम का स्कोर चार विकेट पर 86 रन हो गया.
मार्करम को 15 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला जब उनका शॉट विकेटकीपर एलेक्स कैरी की कोहनी से टकराकर स्लिप के ऊपर से निकल गया. ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी बिना किसी नुकसान के 33 रन से आगे बढ़ाई और लंच तक चार विकेट पर 174 रन बना लिए थे. निक मैडिनसन ने 38 गेंद पर 48 रन बनाए जिसमें दो छक्के शामिल थे. उन्होंने पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद शानदार वापसी की. दूसरे सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड 11 रन बनाकर आउट हुए.
स्मिथ और लाबुशेन ने दी ऑस्ट्रेलिया को मिडिल ऑर्डर में मजबूती
स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने सुबह के सत्र में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंद में 53 रन जोड़े. स्मिथ ने 27 और लाबुशेन ने 37 रन बनाए. एनरिच नोर्किया की उछाल लेती गेंद स्मिथ के हेलमेट पर लगी. स्मिथ पहले भी कन्कशन और चक्कर आने की समस्या से जूझ चुके हैं. हेलमेट पर गेंद लगने के बाद स्मिथ ने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन साइमन हार्मर की गेंद पर कैच आउट हो गए.
लाबुशेन और रेनशॉ ने लंच से पहले 31 गेंद पर 32 रन जोड़े. लाबुशेन ड्राइव खेलने के प्रयास में गेंद को सही तरह से नहीं मार सके और 58 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए. पहली पारी में भी उन्होंने 37 रन ही बनाए थे. पुरुष टेस्ट क्रिकेट में रन और खेली गई गेंदों की समान संख्या का यह 12वां ज्ञात उदाहरण है. लंच तक ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 280 रन हो गई थी.
दूसरे सत्र में रेनशॉ ने 75 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद नोर्किया ने एलेक्स कैरी को 24 रन पर बोल्ड कर दिया. रेनशॉ और कैरी ने 84 गेंद पर 48 रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को 200 रन के पार पहुंचाया. रेनशॉ और ब्यू वेबस्टर ने 71 गेंद पर 65 रन जोड़े. केशव महाराज ने रेनशॉ का अपनी ही गेंद पर कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया. रेनशॉ ने 99 गेंद का सामना किया और दो छक्के लगाए. उन्होंने इस टेस्ट में कुल 272 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलियाई निचले क्रम के बल्लेबाजों की विस्फोटक बैटिंग
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की नजरें पारी घोषित करने पर थीं क्योंकि टीम की बढ़त 400 रन के पार पहुंच चुकी थी. कमिंस और वेबस्टर ने सिर्फ 19 गेंद पर 44 रन जोड़कर स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया. वेबस्टर 43 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कमिंस ने केवल 12 गेंद पर चार छक्कों की मदद से 32 रन बनाए. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 314 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और दक्षिण अफ्रीका के सामने 421 रन का लक्ष्य रखा.



