Sawaimadhopur News: सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर स्लीपर और लग्जरी बसों पर बड़ी कार्रवाई, 10 बसें सीज

Last Updated:August 08, 2026, 13:44 IST
Sawaimadhopur News: सवाई माधोपुर जिले में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाली स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. सप्ताहभर चले संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान में 13 बसों की जांच की गई, जिनमें अनधिकृत बदलाव और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला. कार्रवाई के दौरान 10 स्लीपर बसें सीज की गईं, जबकि सभी 13 बसों पर कुल 10 लाख 51 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
सवाई माधोपुर. जिले में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाली स्लीपर एवं लग्जरी बसों के खिलाफ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. राजस्थान उच्च न्यायालय एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर सप्ताहभर चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान में बसों की गहन जांच की गई. अभियान के दौरान कुल 13 स्लीपर एवं लग्जरी बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई.
औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, इमरजेंसी गेट, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार किट की जांच की. इसके साथ ही बसों में ज्वलनशील गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के भंडारण, ओवरलोडिंग तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों को भी जांच के दायरे में रखा गया, अधिकारियों ने बसों की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई की भी माप की.
अनधिकृत बदलाव और नियमों का उल्लंघन मिला
जांच के दौरान कुछ बसों में अनधिकृत परिवर्तन पाए गए, इसके अलावा कई बसें मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और एआईएस-119 में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करती नहीं मिली. अधिकारियों के अनुसार बसों में किए गए नियम विरुद्ध बदलाव यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं. नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए 10 स्लीपर बसों को मौके पर ही सीज कर दिया. वहीं अभियान के दौरान जांची गई कुल 13 बसों पर 10 लाख 51 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
संयुक्त कार्रवाई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश समीक्षा गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयंक पालीवाल, जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह सहित परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. समीक्षा गौतम ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, उन्होंने कहा कि बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sawai Madhopur,Sawai Madhopur,Rajasthan
First Published :
August 08, 2026, 13:44 IST



