Rajasthan

SI भर्ती फिजिकल में बड़ा फर्जीवाड़ा, बहन की जगह परीक्षा देने पहुंची महिला, फोटो मैच से खुला राज

अजमेर. सब इंस्पेक्टर एवं पीटीआई भर्ती परीक्षा-2026 की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान फर्जी अभ्यर्थी के शामिल होने का मामला सामने आया है. अजमेर में 3 से 11 अगस्त तक आयोजित शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी की जगह दूसरी महिला के पहुंचने पर मामला पकड़ा गया. जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को मुन्नी नाम की अभ्यर्थी ने खुद को बीमार बताते हुए अपनी जगह दूसरी महिला को परीक्षा स्थल पर भेजा था.

हालांकि, जांच के दौरान परीक्षा स्थल पर पहुंची महिला का फोटो और पहचान संबंधी जानकारी रिकॉर्ड से मैच नहीं हुई. इसके बाद मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई. प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अलवर गेट थाना पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी अभ्यर्थी के तौर पर कौन महिला परीक्षा में शामिल होने पहुंची थी और इस पूरी प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे.

बहन की जगह फर्जी अभ्यर्थी बनकर पहुंचने का आरोप

अलवर गेट थाना के एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा अजमेर में सीआरपीएफ परिसर में आयोजित की गई थी. परीक्षा का आयोजन 3 अगस्त से 11 अगस्त तक किया गया. इसी दौरान 4 अगस्त को मुन्नी नाम की अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन के परीक्षा स्थल पर पहुंचने की जानकारी सामने आई. आरोप है कि महिला ने खुद को मुन्नी बताते हुए शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का प्रयास किया.

फोटो और पहचान से खुला मामला

परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान मुन्नी की जगह पहुंची महिला के फोटो और पहचान संबंधी विवरण का मिलान किया गया. रिकॉर्ड से जानकारी मैच नहीं होने पर अधिकारियों को संदेह हुआ. जांच में सामने आया कि परीक्षा देने पहुंची महिला वास्तविक अभ्यर्थी नहीं थी. इसके बाद मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई.

प्रशासन की शिकायत पर केस दर्ज

अलवर गेट थाना के एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी के शामिल होने को लेकर प्रशासन की ओर से शिकायत दी गई थी. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के रिकॉर्ड, अभ्यर्थी के दस्तावेज और पहचान संबंधी जानकारी को खंगाला जाएगा.

जांच में जुटी अजमेर गेट थाना पुलिस

एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन को परीक्षा स्थल तक भेजने की योजना किस तरह बनाई गई थी. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा की प्रक्रिया में किस स्तर तक शामिल हुई थी. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj