Entertainment

दांव पर लगा था बेटे का करियर, पिता ने बनाया मास्टर प्लान, 10 हीरो के साथ बनाई फिल्म, फिर भी हुई डिजास्टर

Last Updated:June 28, 2026, 22:16 IST

फिल्ममेकर ने अपनी फिल्मों से रीना रॉय, सुनील दत्त जैसे कई एक्टर्स को स्टार बनाया था, मगर अपने बेटे को वह लॉन्च नहीं दे पाए, जिसकी उन्हें कामना थी. उन्होंने सनी देओल-अक्षय कुमार सहित 10 हीरोज के साथ एक फिल्म बनाई, जो बॉलीवुड के हिट फॉर्मूले पर बनी थी. उन्होंने बेटे के करियर को सहारा देने की उम्मीद से करोड़ों खर्च कर दिए, ताकि वे बड़े स्टार्स के सामने अपनी पहचान बना पाएं. उन्होंने बेटे की किस्मत चमकाने के लिए उनका नाम बदलकर मुनीश कोहली कर दिया, मगर वह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी डिजास्टर साबित हुई.

नई दिल्ली: फिल्ममेकर राजकुमार कोहली ने 1979 में जिस नाम से सुपरहिट फिल्म बनाई थी, उसी नाम से 2002 में फिल्म लेकर आए, ताकि बेटे के डूबते करियर में जान फूंक सकें. बेटे अरमान कोहली की ‘विरोधी’, ‘औलाद के दुश्मन’ और ‘कहर’ जैसी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गईं, जिन्हें उनके पिता ने डायरेक्ट किया था. राजकुमार कोहली ने फिर एक मास्टर प्लान बनाया. उन्होंने अरमान को दोबारा एक ऐसी फिल्म से लॉन्च करने का फैसला किया, जिसका जॉनर उनकी खुद की पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्मोंफिल्मों जैसा था.

राजकुमार कोहली को अपने करियर की सबसे बड़ी कामयाबी साल 1976 में आई हॉरर फिल्म ‘नागिन’ से मिली थी, जो उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. इसके बाद 1979 में उन्होंने ‘जानी दुश्मन’ और 1984 में ‘राज तिलक’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं. सभी फिल्मों की खास बात यह थी कि इनमें सुनील दत्त, जितेंद्र, रेखा और धर्मेंद्र जैसे दर्जनों बड़े सितारे एक-साथ नजर आते थे. इसी पुरानी कामयाबी को दोहराने के लिए उन्होंने साल 2002 में अपने बेटे के लिए एक नई फिल्म बनाई, जिसका नाम रखा गया—’जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’.

नई फिल्म में राजकुमार कोहली ने बॉलीवुड के एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 10 बड़े हीरोज को एक साथ साइन करके सबको चौंका दिया था. फिल्म की तगड़ी स्टार कास्ट में सनी देओल, अक्षय कुमार, मनीषा कोइराला, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और सोनू निगम जैसे कई बड़े नाम शामिल थे. उन्होंने एक पुराने इंटरव्यू में बड़े गर्व से कहा था कि आजकल की फिल्मों में दो-तीन बड़े स्टार्स भी एक साथ काम करने को राजी नहीं होते, लेकिन उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी के दम पर 10 बड़े सुपरस्टार्स को एक छत के नीचे इकट्ठा कर लिया.

Add as Preferred Source on Google

जब लोगों ने इस फिल्म की तुलना उस दौर की मल्टी-स्टारर फिल्म ‘चाइना गेट’ से की, तो राजकुमार कोहली ने साफ कहा कि उन्होंने केवल कलाकार नहीं बल्कि असली हीरोज की फौज खड़ी की है. उन्होंने इस बात का पूरा क्रेडिट फिल्म के कलाकारों को दिया और कहा कि वे सभी फिल्म के विषय को लेकर इतने रोमांचित थे कि उन्होंने इस बड़ी फिल्म का हिस्सा बनना स्वीकार किया. उनका मानना था कि किसी भी बड़े हीरो को ज्यादा या कम फुटेज नहीं मिलेगी, बल्कि सब कुछ फिल्म की कहानी के हिसाब से तय होगा.

राजकुमार कोहली का दावा था कि इस फिल्म का असली हीरो इसके स्पेशल इफेक्ट्स यानी वीएफएक्स हैं, जिस पर उस जमाने में 4 से 5 करोड़ रुपये से भी ज्यादा खर्च किया गया था. उन्होंने अपनी पुरानी ‘जानी दुश्मन’ की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि 1979 में तकनीकी सुविधाएं न होने के कारण उन्हें एक छोटे से इफेक्ट के लिए लंदन और जापान के चक्कर काटने पड़े थे. साल 2002 तक तकनीक इतनी एडवांस हो चुकी थी कि कोई भी डायरेक्टर अपनी कल्पना के हिसाब से स्क्रीन पर कुछ भी जादू बिखेर सकता था.

निर्देशक को पूरा भरोसा था कि ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’ अपने मॉडर्न अंदाज की वजह से हॉलीवुड फिल्मों को टक्कर देगी. उन्होंने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को कॉलेज स्टूडेंट्स वाली लव स्टोरी और कुछ नयापन चाहिए, इसलिए उन्होंने फिल्म को बिल्कुल नया और मॉडर्न लुक दिया है. इस फिल्म के भव्य पैमाने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके लिए कुल 58 आलीशान सेट तैयार किए गए थे, जिनमें से 27 सेट तो ऐसे थे जिन पर सिर्फ एक-एक दिन की ही शूटिंग की गई थी.

बड़े एक्शन स्टार्स के बीच बेटे अरमान कोहली को कास्ट करने के फैसले पर राजकुमार कोहली ने कहा था कि वे देखना चाहते हैं कि उनका बेटा दिग्गजों के सामने टिक पाता है या नहीं. उन्हें अपने बेटे की काबिलियत पर पूरा भरोसा था और वे मानते थे कि अगर अरमान में दम होगा, तो जनता उसे जरूर पसंद करेगी. उन्होंने यह भी माना कि अरमान का मुकाबला बहुत कड़ा है, लेकिन फिल्म की कहानी पूरी तरह उसी के इर्द-गिर्द घूमती है.

डायरेक्टर ने बेटे की किस्मत को जगाने के लिए ज्योतिष का सहारा लिया और उनका नाम बदलकर ‘मुनीश कोहली’ कर दिया. राजकुमार कोहली का मानना था कि चूंकि पहले उनका नाम काम नहीं कर पाया, इसलिए शायद भगवान ने ही उन्हें बेटे की कुंडली के अनुसार नाम बदलने का इशारा दिया था. हालांकि, इतने सारे तामझाम के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही, लेकिन आज भी फिल्म अपने अतरंगी किरदारों और मीम्स की वजह से चर्चा में रहती है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj