Kota Cough Syrup Death | Drug Control Raid on Medical Store

Last Updated:October 22, 2025, 10:02 IST
Rajasthan Cough Syrup Case: कोटा में 57 वर्षीय महिला कमला देवी की कफ सिरप पीने के बाद संदिग्ध मौत के मामले में ड्रग कंट्रोल विभाग ने त्रिनेत्र मेडिकल स्टोर और थोक गोदाम पर छापामार कार्रवाई की. 500 से अधिक बोतलें जब्त कर जांच के लिए लैब भेजी गईं. प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट डिजीज बताया गया है, लेकिन सिरप की जांच रिपोर्ट का इंतजार है.
ख़बरें फटाफट
Rajasthan Cough Syrup Case: राजस्थान के कोटा जिले में 57 वर्षीय महिला कमला देवी की कफ सिरप पीने के बाद संदिग्ध मौत के मामले में ड्रग कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. यह मामला सामने आने के बाद विभाग तुरंत हरकत में आया. ड्रग कंट्रोल टीम ने रंगबाड़ी इलाके में स्थित त्रिनेत्र मेडिकल स्टोर और उसके थोक (होलसेल) गोदाम पर छापा मारा. जांच के दौरान उस कफ सिरप की 500 से अधिक बोतलें जब्त की गईं, जिसे पीने के बाद कमला देवी की तबीयत बिगड़ी थी. इन सभी बोतलों के सैंपल तुरंत लेबोरेटरी भेज दिए गए हैं ताकि सिरप की गुणवत्ता और उसमें मौजूद तत्वों की जांच की जा सके.
नगर कोटा निवासी कमला देवी की परिजनों ने आरोप लगाया कि सर्दी-जुकाम होने पर उन्होंने बाजार से यह कफ सिरप लिया था. परिजनों के अनुसार, सिरप के दो ढक्कन पीते ही कमला देवी को बेचैनी और घबराहट महसूस हुई. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया. ड्यूटी डॉक्टर्स के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर महिला की हृदय गति (Heart Rate) बेहद कम थी और उनकी हालत गंभीर थी. गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात कमला देवी ने दम तोड़ दिया. परिजन स्पष्ट रूप से कफ सिरप को ही मौत का कारण मान रहे हैं.
फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच का आधारफोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक मूंदड़ा ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला की मौत हार्ट डिजीज से हुई है. हालांकि, परिजनों द्वारा कफ सिरप पीने से मौत का आरोप लगाए जाने के कारण मामले की गंभीरता बढ़ गई है. डॉ. मूंदड़ा ने स्पष्ट किया कि उक्त सिरप के सैंपल की विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सटीक और आधिकारिक कारण की पुष्टि हो पाएगी. रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि सिरप में कोई हानिकारक तत्व था या नहीं.
राजस्थान में पहले भी हुए मामलेयह पहली बार नहीं है जब राजस्थान में कफ सिरप के सेवन से संदिग्ध मौतें हुई हैं. इससे पहले भी बच्चों और अन्य लोगों की संदिग्ध मौतें इस तरह के सिरप से जुड़ी रही हैं. ऐसे मामलों ने प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता नियंत्रण और मेडिकल स्टोर्स की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि उचित जांच प्रणाली, दवाओं के निर्माण और बिक्री में सख्त गुणवत्ता नियंत्रण और नियमित निगरानी ही इस तरह के हादसों को रोक सकती है.
ड्रग कंट्रोल विभाग की कार्रवाईड्रग कंट्रोल टीम ने जब्त की गई दवाओं के सैंपल को जांच के लिए स्टेट लैब भेज दिया है. विभाग ने मेडिकल स्टोर मालिक को नोटिस जारी किया है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सभी मेडिकल स्टोर्स पर नियमित जांच और निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि कोई भी अवैध या घटिया दवा बेची न जा सके और जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो.
Location :
Kota,Kota,Rajasthan
First Published :
October 22, 2025, 10:02 IST
राजस्थान में बच्चों की मौत के बाद बुजुर्ग महिला की मौत, मच गया हड़कंप



