भजनलाल सरकार कर रही 2 साल पूरे, वसुंधरा राजे ने की दिल्ली में पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाकात, जानें क्या चल रहा है?

Last Updated:December 12, 2025, 15:37 IST
Vasundhara Raje News : बीजेपी की दिग्गज नेता और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने आज दिल्ली में संसद भवन में पीएम नरेन्द्र मोदी मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद सू्बे का सियासी पारा एक बार फिर गरमाने लगा है. हालांकि इस मुलाकात का ब्यौरा अभी तक बाहर नहीं आया है लेकिन सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं होने लगी है. 3 दिन बाद राजस्थान में बीजेपी की भजनलाल सरकार अपने दो साल पूरे कर रही है.
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने बीते कुछ माह पहले भी दिल्ली में पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी. (फाइल फोटो)
जयपुर. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने आज फिर पीएम नरेन्द्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की. राजे की प्रधानमंत्री मोदी से यह मुलाकात संसद भवन में हुई. हालांकि दोनों की बातचीत का ब्यौरा अभी तक सामने नहीं आया है. लेकिन इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. तीन दिन बाद 15 दिसंबर को राजस्थान में बीजेपी की भजनलाल सरकार के 2 साल पूरे हो रहे हैं. आज ही सीएम भजनलाल शर्मा ने अपने दो साल के कार्यकाल को लेकर मीडिया से बातचीत की है. इस बीच राजे की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात ने सूबे का सियासी पारा गरमा दिया है.
राजे ने इससे पहले जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में भी दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की थी. हालांकि उसके बाद राजे की बीते दिनों 25 सितंबर को राजस्थान में बांसवाड़ा में हुई रैली में मुलाकात हुई थी. लेकिन हाल ही 11 नंवबर को हुए अंता विधानसभा उपचुनाव के बाद राजे की दिल्ली में यह पीएम नरेन्द्र मोदी से पहली मुलाकात है. अंता उपचुनाव बीजेपी हार गई थी. अंता बारां जिले की विधानसभा सीट है. यह हाड़ौती का हिस्सा है. हाड़ौती बीजेपी और राजे का गढ़ माना जाता है. अंता उपचुनाव की हार से बीजेपी चिंतित भी है. अंता सीट पहले बीजेपी के खाते में थी. लेकिन उपचुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी के हाथ से यह सीट छीन ली थी.
बीते दिनों सीएम भजनलाल शर्मा ने की थी पीएम मोदी से मुलाकातराजस्थान में बीते कई दिनों से भजनलाल मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें गाहे बगाहे सामने आती रही है. बीते अक्टूबर माह के अंत में सीएम भजनलाल शर्मा ने भी अपने दिल्ली दौरे के दौरान पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केन्द्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्यों से मुलाकात की थी. सीएम शर्मा के बाद अब राजे की मुलाकात के कई मायने लगाए जा रहे हैं. हालांकि बताया जा रहा है कि राजे की पीएम से यह मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट थी. लेकिन राजनीति के जानकार इसे राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं और इसके कई मायने लगा रहे हैं.
अंता की हार बाद बीजेपी में सियासत गरमाई हुई हैराजे बीजेपी की दिग्गज नेता हैं. वे राजस्थान की दो बार बतौर मुख्यमंत्री कमान संभाल चुकी है. वे 2003 से लगातार हाड़ौती की झालरापाटन सीट से विधायक चुनी जा रही हैं. इससे पहले राजे हाड़ौती की झालावाड़-बारां लोकसभा सीट से पांच बार लगातार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं. उसके बाद से लगातार पांच बार से उनके बेटे दुष्यंत सिंह वहां से सांसद चुने जा रहे हैं. अंता विधानसभा सीट भी इस लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है. बीजेपी इस इलाके में हुई हार का भुला नहीं पा रही है. अंता की हार के कई कारण गिनाए जा रहे हैं. अंता की हार के बाद पार्टी में अंदरखाने कई तरह की बातें सामने आई थी.
अंता के चुनाव प्रबंधन पर राजे के खास सिपाहसालार ने भी उठाये थे सवालयहां तक कि राजे के खासमखास सिपाहसालार माने जाने वाले बारां जिले के छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने भी इस चुनाव में अपनी उपेक्षा होने का आरोप लगाया था. उन्होंने चुनाव से पहले ही इस मसले को लेकर सवाल उठाते हुए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को खत लिखा था. अंता उपचुनाव में हार के बाद यह पत्र मीडिया में सामने आया था. उसके बाद इस पर बीजेपी की सियासत गरमाई गई थी. पार्टी के एक धड़े का कहना है कि अंता उपचुनाव की कमान राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह के हाथ में ही थी. बहरहाल राजे की पीएम मोदी से एक बार फिर सियासी हलकों में हलचल पैदा हो गई है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ ने वर्ष 2000 में भास्कर सुमूह से पत्रकारिता की जयपुर से शुरुआत की. बाद में कोटा और भीलवाड़ा में राजस्थान पत्रिका के रेजीडेंट एडिटर की जिम्मेदारी निभाई. 2017 से के साथ नए सफर की शुरुआत की. वर…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
December 12, 2025, 15:34 IST
homerajasthan
भजनलाल सरकार कर रही 2 साल पूरे, वसुंधरा राजे ने की पीएम मोदी से मुलाकात



