3 फिल्में, 3 कहानियां, तीनों के लीड किरदार के नाम भी सेम, हर बार बदला दुश्मन, बॉक्स ऑफिस पर दिखाया दम

Last Updated:August 22, 2026, 15:58 IST
22 August Box Office History: खाकी वर्दी, माथे पर गुस्सा, आंखों में कानून का खौफ और चाल में बेबाक बेखौफ अंदाज… जब पर्दे पर रानी मुखर्जी सीनियर इंस्पेक्टर ‘शिवानी शिवाजी रॉय’ बनकर उतरती हैं, तो बड़े से बड़ा मुजरिम थरा-थरा कांपने लगता है. बॉलीवुड में पुरुष प्रधान कॉप यूनिवर्स के बीच रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी ने यह साबित कर दिया कि जब एक औरत इंसाफ की कसम खा ले तो वो अकेले ही पूरे क्राइम सिंडिकेट की धज्जियां उड़ाने का दम रखती है. ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत आज ही के दिन से शुरु हुई थी.
नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा में महिला पुलिस अफसर के किरदार को अगर किसी फ्रेंचाइजी ने अलग पहचान दी है तो वह है रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी’. शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में रानी ने सिर्फ अपराधियों से लोहा नहीं लिया, बल्कि हर फिल्म में समाज की किसी न किसी कड़वी सच्चाई को पर्दे पर बेबाकी से रखा. 2014 में शुरू हुई यह फ्रेंचाइजी 2019 में ‘मर्दानी 2’ और फिर 2026 में ‘मर्दानी 3’ तक पहुंची. तीनों फिल्मों की कहानी अलग रही, लेकिन केंद्र में हमेशा एक निडर पुलिस अफसर और महिलाओं के खिलाफ अपराध के खिलाफ उसकी लड़ाई रही.
22 अगस्त 2014 को रिलीज हुई ‘मर्दानी’ में रानी मुखर्जी ने मुंबई क्राइम ब्रांच की सीनियर इंस्पेक्टर शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया. फिल्म की कहानी एक नाबालिग लड़की के अपहरण से शुरू होती है. जांच करते-करते शिवानी मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क तक पहुंचती है और फिर उसकी भिड़ंत एक बेरहम माफिया सरगना से होती है.
करीब 21 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने लगभग 59.55 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया और बॉक्स ऑफिस पर हिट रही. ‘मर्दानी’ को 60वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में पांच नॉमिनेशन मिले और बेस्ट साउंड डिजाइन का अवॉर्ड मिला.
Add as Preferred Source on Google
पहली फिल्म की सफलता के पांच साल बाद 13 दिसंबर 2019 को ‘मर्दानी 2’ रिलीज हुई. इस बार शिवानी रॉय का सामना किसी मानव तस्करी गिरोह से नहीं, बल्कि एक ऐसे 21 साल सीरियल रेपिस्ट और किलर से होता है, जो महिलाओं को निशाना बनाता है. फिल्म में विशाल जेठवा ने सनी का किरदार निभाया और उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया.
करीब 27 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘मर्दानी 2’ ने भारत में लगभग 47 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में करीब 67.12 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए. फिल्म ने पहले दिन करीब 3.80 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी. फिल्म सुपरहिट रही. अवॉर्ड्स में भी यह फिल्म मजबूत रही.
इस फिल्म के लिए रानी मुखर्जी को दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2020 में बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान मिला.विशाल जेठवा ने डेब्यू के लिए जी सिने अवॉर्ड जीता.
दो सफल फिल्मों को बाद 30 जनवरी 2026 को रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’. इस बार शिवानी रॉय के सामने एक बेहद बड़े अपहरण नेटवर्क की चुनौती है. कहानी में देशभर से 93 लड़कियों के गायब होने की जांच शिवानी के हाथ में आती है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, उसे पता चलता है कि मामला सिर्फ अपहरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा और खतरनाक नेटवर्क है.
बॉक्स ऑफिस पर ‘मर्दानी 3’ ने करीब 4 करोड़ रुपये नेट की ओपनिंग की. सैकनिल्क की मानें फिल्म का भारत नेट कलेक्शन लगभग 51.82 करोड़ रुपये, भारत ग्रॉस 61.67 करोड़ रुपये और ओवरसीज कलेक्शन 14.60 करोड़ रुपये रहा. इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 80 करोड़ रुपये से ज्यादा का रहा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 22, 2026, 15:58 IST



