कोई कुरान की दे रहा दुहाई तो किसी ने मंदिर में खाई कसम, राजस्थान चुनाव में क्रॉस-वोटिंग के बाद सौगंध की सियासत

Last Updated:September 23, 2026, 18:57 IST
चुनाव के नतीजों के बाद पाली और सिरोही में पार्षदों और समर्थकों द्वारा निष्ठा साबित करने के अनोखे तरीके चर्चा का विषय बने हैं. पाली में वार्ड 29 में क्रॉस वोटिंग के तानों से आहत एक परिवार ने कुरान शरीफ पर हाथ रखकर कांग्रेस प्रत्याशी शाइना बानो को ही वोट देने की बात कही. सिरोही में बीजेपी के 5 पार्षदों ने चुनाव से पहले शनेश्वर जी महादेव मंदिर में कसम खाई थी, लेकिन बीजेपी प्रत्याशी को कुल 5 ही वोट मिले. बीजेपी के कुल 10 पार्षद होने और प्रत्याशी पूजा माली द्वारा खुद कसम न लेने के कारण वोटों की हेराफेरी को लेकर तरह-तरह के कयास लग रहे हैं.
जयपुर. चुनाव खत्म होने के बाद राजस्थान के पाली और सिरोही में निष्ठा साबित करने से जुड़े दो अलग-अलग मामले चर्चा में हैं. पाली में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बीच एक परिवार ने कुरान शरीफ पर हाथ रखकर कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की बात कही. वहीं सिरोही में चुनाव से पहले 5 भाजपा पार्षदों के मंदिर में सौगंध लेने का मामला चुनाव परिणाम के बाद चर्चा में आ गया.
पाली के वार्ड नंबर 29 में कांग्रेस प्रत्याशी शाइना बानो को लेकर क्रॉस वोटिंग के आरोपों की चर्चा सामने आई. इसके बाद संबंधित परिवार की ओर से एक वीडियो जारी किया गया. वीडियो में परिवार के सदस्यों ने कुरान शरीफ पर हाथ रखकर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की बात कही. परिवार का दावा है कि उन्होंने कांग्रेस का साथ दिया और कांग्रेस के पक्ष में ही वोट किया. परिवार के मुताबिक, कुछ लोगों की ओर से उन्हें ताने दिए गए, जिसके बाद देर रात तक इलाके में माहौल बना रहा.
सिरोही में मंदिर की सौगंध और वोटों का गणित
वहीं सिरोही नगर परिषद सभापति चुनाव से पहले 5 भाजपा पार्षदों के मंदिर में सौगंध लेने का मामला अब चुनाव परिणाम के बाद फिर चर्चा में है. वार्ड 1 की पूनम अनिल प्रजापत, वार्ड 16 के मनीष प्रजापत, वार्ड 17 के गौरव, वार्ड 19 की संतोष और वार्ड 21 के सुनील गुप्ता के शनेश्वर जी महादेव मंदिर पहुंचकर सौगंध लेने की बात सामने आई थी.
भाजपा प्रत्याशी को मिले 5 वोट
चुनाव परिणाम में भाजपा की प्रत्याशी पूजा माली को 5 वोट मिले. भाजपा के कुल 10 पार्षद बताए गए हैं. हालांकि मतदान गोपनीय होने के कारण किस पार्षद ने किसे वोट दिया, इसकी पुष्टि नहीं हो सकती.
यहीं से सौगंध बनाम वोट का सवाल चर्चा में आ गया है. मंदिर में सौगंध लेने वाले पांच पार्षदों में प्रत्याशी पूजा माली शामिल नहीं थीं, इसलिए चुनाव परिणाम के बाद उनके वोटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 23, 2026, 18:56 IST



