जयपुर में आज निकलेगी तीज माता की शाही सवारी, 150 लोक कलाकार लगाएंगे चार चांद

Last Updated:August 15, 2026, 08:42 IST
Jaipur Teej Festival 2026: जयपुर में 299 साल पुरानी तीज की शाही सवारी 15 अगस्त को सिटी पैलेस से निकाली जा रही है. तीज माता 400 किलो चांदी की पालकी में विराजकर 8 कंधेदारों के सहारे नगर भ्रमण करेंगी. महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 1727 में यह परंपरा शुरू की थी. शाम 6 बजे जनानी ड्योढ़ी से शुरू होकर जुलूस त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ होता हुआ तालकटोरा पहुँचेगा. 150 लोक कलाकार प्रस्तुतियाँ देंगे. पर्यटन विभाग 14 एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण करेगा. पौंड्रिक पार्क में केवल महिलाओं के लिए तीज मेला लगेगा.
जयपुर. गुलाबी नगरी में 299 साल पुरानी तीज माता की शाही सवारी आज यानी 15 अगस्त को निकाली जाएगी. सिटी पैलेस से तीज माता 400 किलो चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगी. ऐतिहासिक सवारी देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी और देश-विदेश से पर्यटक पहुंचेंगे.
जयपुर की स्थापना के साथ ही वर्ष 1727 में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने तीज माता की सवारी को सार्वजनिक और भव्य रूप से निकालने की परंपरा शुरू की थी. तब से यह आयोजन जयपुर की पहचान बन चुका है. तीज माता की प्रतिमा पूरे साल सिटी पैलेस में विराजमान रहती है. साल में केवल दो दिन तृतीया तीज और चतुर्थी यानी बूढ़ी तीज पर ही तीज माता नगर भ्रमण के लिए बाहर आती हैं.
इस बार शाही सवारी का सबसे खास आकर्षण करीब 400 किलो वजनी चांदी की पालकी होगी. इस पालकी में विराजमान तीज माता को आठ कंधेदार अपने कंधों पर उठाकर चलेंगे. सवारी के दौरान राजसी परंपराओं के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी. जनानी ड्योढ़ी से निकलने वाली यह शाही सवारी जयपुर के ऐतिहासिक रास्तों से होते हुए तालकटोरा तक पहुंचेगी.
Add as Preferred Source on Google
सवारी से पहले सिटी पैलेस की जनानी ड्योढ़ी में पूर्व राजपरिवार की महिलाएं धार्मिक अनुष्ठान करेंगी. इसके बाद शाम करीब 6 बजे तीज माता की शाही सवारी रवाना होगी. त्रिपोलिया गेट पर पूर्व राजपरिवार के महाराजा सवाई पद्मनाभ तीज माता के दर्शन कर पहली आरती उतारेंगे. इसके बाद जुलूस छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा पहुंचेगा. यहां राजपरिवार के पुजारी पूजा-अर्चना करेंगे और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा.
इस बार तीज उत्सव को डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है. पर्यटन विभाग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शाही सवारी का लाइव प्रसारण करेगा. जयपुर शहर में 14 बड़ी एलईडी स्क्रीन्स पर भी लोगों को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने को मिलेगा. राजस्थान फाउंडेशन की पहल पर विदेशों में मौजूद सरकारी स्क्रीन्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी तीज की शाही सवारी लाइव दिखाई जाएगी. इससे विदेशों में रहने वाले प्रवासी राजस्थानी भी इस परंपरा से जुड़ सकेंगे.
तीज के मौके पर राजस्थान की लोक कला और संस्कृति की रंगारंग झलक भी देखने को मिलेगी. आयोजन में 150 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को राजस्थानी रंग में रंगेंगे. विदेशी पर्यटकों के लिए त्रिपोलिया गेट के सामने स्थित हिंद होटल की छत पर बैठने की व्यवस्था की गई है. वहीं पौंड्रिक पार्क में आज और 16 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से रात 9:30 बजे तक तीज मेले का आयोजन होगा. इस मेले में केवल महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा.
आपको बता दें कि जयपुर की तीज और भव्य एकशाही सवारी पूरे विश्व में प्रसिद्ध है. इसे देखने के लिए केवल देशी पर्यटक ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी पहुंचते हैं. इस पर्व पर लोक संगीत, सजे-धजे हाथी-घोड़े और महिलाओं का विशेष लहरिया पहनावा मुख्य आकर्षण होता है. राजस्थानी लोक नृत्य जैसे घूमर और कालबेलिया के साथ लोक संगीत की प्रस्तुतियां भी होती हैं. महिलाएं हरे और लाल रंग के लहरिया वस्त्र पहनकर हाथों में मेहंदी सजाती हैं और अखंड सौभाग्य के लिए माता पार्वती की पूजा करती हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 15, 2026, 08:42 IST



