सास-दामाद की वो कल्ट फिल्म, एकसाथ दिखे A नाम के 4 सुपर स्टार्स, हीरो ही था विलेन, लूट ली पूरी महफिल

Last Updated:May 08, 2026, 19:45 IST
Bollywood Action Thriller Movie : बॉलीवुड में पिता-पुत्र, पिता-बेटी, ससुर-बहू तो एक फिल्म में नजर आ चुके हैं लेकिन सास-दामाद ने किसी फिल्म में एक साथ काम किया हो, ऐसे मौके विरले ही आए हैं. 22 साल पहले ऐसी ही एक कल्ट मूवी सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म समीक्षकों ने इस फिल्म को खूब सराहा था. सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में ए नाम के चार सितारे नजर आए थे. फिल्म में विलेन का रोल सुपर स्टार ने निभाया था और पूरी महफिल लूटते हुए बेस्ट विलेन का अवॉर्ड भी जीता था. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…
90 के दशक में एक्शन हीरो सनी देओल के साथ ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर-प्रोड्यूसर राजकुमार संतोषी ने 2004 में एक मल्टीस्टार फिल्म बनाई थी. यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी जिसमें A नाम के 5 सितारों ने काम किया था. फिल्म में सास-दामाद की जोड़ी भी नजर आई थी. फिल्म के प्रोड्यूसर केशु रामसे थे. फिल्म की क्लाइमैक्स बहुत ही ज्यादा चौंकाने वाला था. क्लाइमैक्स का ट्विस्ट देखकर दर्शक अंदर तक हिल गए थे. मूवी में मेन विलेन का किरदार सुपरस्टार ने निभाया था. यह किरदार उन्होंने इतनी शिद्दत से निभाया था कि बेस्ट विलेन का अवार्ड भी जीता था. फिल्म की लीड एक्ट्रेस ने भी निगेटिव रोल निभाया था. हम 2004 में रिलीज हुई ‘खाकी’ फिल्म की बात कर रहे हैं.
23 जनवरी 2004 को रिलीज हुई एक्शन-थ्रिल से भरपूर ‘खाकी’ फिल्म की कहानी और इसके कई सीन देखकर दर्शक हैरान रह गए थे. फिल्म की कहानी ट्विस्ट से भरपूर थी. फिल्म की कहानी, एक्शन, ड्राम रियल लाइफ से बहुत कुछ मिलता-जुलता था. फिल्म के गाने खूब पॉप्युलर हुए थे. फिल्म का क्लाइमैक्स सबसे ज्यादा चौंकाने वाला था. वो सीन जब अक्षय कुमार की मौत ऐश्वर्या राय के हाथों होती है. अक्षय कुमार जिसे प्यार करते हैं, वही उनकी कातिल बन जाती है. यह दृश्य पूरी फिल्म का सबसे शॉकिंग ट्विस्ट था.
फिल्म का म्यूजिक राम-संपत ने कंपोज किया था. बतौर म्यूजिक डायरेक्टर राम-संपत की यह पहली बड़ी हिंदी फिल्म थी.<br />फिल्म के कुछ गाने ‘वादा रहा प्यार से प्यार का, अब हम न होंगे जुदा..’, ‘ऐसा जादू डाला रे…’ बेहद पॉप्युलर हुए थे. सभी गीत समीर ने लिखे थे. इन गानों में सुनिधि चौहान, सोनू निगम, रिचा शर्मा, कैलाश खेर, कुणाल गांजावाला की आवाजें थीं. डायरेक्टर राजकुमार संतोषी संगीतकार एआर रहमान को फिल्म के लिए साइन करना चाहते थे लेकिन वो दूसरे प्रोजेक्ट में बिजी थे.
Add as Preferred Source on Google
‘खाकी’ जैसी फिल्में कभी-कभार ही बनती हैं जिसमें अमिताभ बच्चन के तेवर ‘जंजीर’ फिल्म के जैसे थे. फिल्म की एक बड़ी खासियत यह भी थी कि इसमें अजय देवगन निगेटिव रोल में थे. इससे पहले वो 2002 में ‘दीवानगी’ फिल्म के नकारात्मक भूमिका निभा चुके थे. बताया जाता है कि अजय देवगन ने यह रोल जानबूझकर अपने लिए चुना था. वैसे भी अजय देवगन चैलेंजिंग रोल निभाते रहे हैं. उनका लुक-एक्ंटिग कमाल की थी. उन्हें शानदार एक्टिंग के लिए बेस्ट विलेन का अवॉर्ड भी मिला था.
‘खाकी’ फिल्म का एक और दिलचस्प फैक्ट यह है कि इसमें अजय देवगन और उनकी सास तनूजा ने काम किया. यह बॉलीवुड के इतिहास की शायद इकलौती ऐसी फिल्म होगी जिसमें सास-दामाद ने एक ही फिल्म में काम किया हो. हालांकि दोनों के सीन अलग-अलग थे. गौरतलब है कि काजोल दिग्गज अभिनेत्री तनूजा की बेटी हैं. काजोल ने 1999 में अजय देवगन से शादी की थी.
इतना ही नहीं, अमिताभ और तनूजा भी पूरे 22 साल बाद किसी फिल्म में नजर आए थे. इससे पहले दोनों खुद्दार मूवी 1982 में काम किया था. अक्षय कुमार और तनूजा पूरे 12 साल बाद एकसाथ नजर आए थे. राजकुमार संतोषी ने फिल्म की कहानी अमर सिंह को सुनाई थी. अमर सिंह ने ही अमिताभ बच्चन की मीटिंग राजकुमार संतोषी से करवाई थी. फिल्म में ट्रेन के सीन की परमिशन भी उन्होंने दिलवाई थी. इसके लिए फिल्म की शुरुआत में ही अमर सिंह को क्रेडिट दिया गया.
‘खाकी’ फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प फैक्ट यह भी है कि इसमें 5 ऐसे बॉलीवुड सितारों ने काम किया, जिनके नाम का पहला अक्षर A से शुरू होता है. ये सितारे थे: अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, अजय देवगन, अतुल कुलकर्णी और ऐश्वर्या राय. फिल्म में जया प्रदा भी नजर आई थीं. उन्होंने अमिताभ बच्चन की ऑनस्क्रीन वाइफ का रोल निभाया था. बताया जाता है कि उनका रोल और भी बड़ा था लेकिन उस समय उनके पति की तबीयत खराब थी, इसलिए उनका केवल गेस्ट अपीयरेंस रखा गया. इस फिल्म से पहले ‘कोहराम’ मूवी में जया प्रदा-अमिताभ ने साथ काम किया था.
‘खाकी’ फिल्म का बजट 26 करोड़ रुपये था. यह अपने समय की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है. मूवी ने 70 करोड़ के करीब वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उस समय एवरेज साबित हुई थी. आज इसकी गिनती कल्ट मूवी में होती है. 2004 में कमाई के मामले में यह फिल्म 5वें नंबर पर रही थी. आईएमडीबी पर इसे 7.5 की रेटिंग मिली हुई है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



