बाप ने बेटे को बनाया सुपरहीरो, तीनों फिल्में निकली ब्लॉकबस्टर, चौथी में बेटा ही बन गया डायरेक्टर

Last Updated:August 05, 2026, 09:32 IST
Hrithik roshan superhero movies- ऋतिक रोशन की ‘कोई मिल गया’ से बॉलीवुड में एक ऐसी साइंस-फिक्शन फ्रेंचाइजी की शुरुआत हुई जो आज भी लोगों के दिलों पर राज कर रही है. इस फ्रेंचाइजी की तीन फिल्में आ चुकी हैं और तीनों को देश-विदेश में जबरदस्त रिस्पांस मिला. अब जल्द ही इस सुपरहीरो फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म भी आने वाली है. इस बार फिल्म में लीड रोल अदा करने के साथ ही ऋतिक रोशन इसका निर्देशन भी करेंगे. उन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का फैसला किया है.
नई दिल्ली. 23 साल पहले राकेश रोशन ने अपने बेटे ऋतिक रोशन के साथ साइंस फिक्शन फिल्म कोई मिल गया बनाई थी. इस फिल्म से एक ऐसे कॉन्सेप्ट की शुरुआत हुई जिसपर बॉलीवुड में तब तक सिर्फ गिनी-चुनी फिल्में ही बनी थीं. अनिल कपूर और श्रीदेवी की मिस्टर इंडिया को बॉलीवुड की पहली साइंस-फिक्शन माना जाता है, लेकिन कोई मिल गया से एक फ्रेंचाइजी की नींव रखी गई.
राकेश रोशन ने अपने शानदार विजन से न सिर्फ अपने बेटे को सुपरहीरो के तौर पर स्थापित किया बल्कि एक ऐसी फिल्म की नींव रखी जिसने भारतीय साइंस फिक्शन मूवीज को एक नया आयाम दिया. आज ऋतिक रोशन स्टारर इन सुपरहीरो फिल्म के बारे में विस्तार से बात करेंगे.
राकेश रोशन के निर्देशन में बनी ‘कोई… मिल गया’ भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार साइंस-फिक्शन फिल्मों में गिनी जाती है. फिल्म में ऋतिक रोशन ने रोहित मेहरा का किरदार निभाया है, जो मानसिक रूप से एक बच्चे की तरह व्यवहार करता है. उसके पिता एक साइंटिस्ट होते हैं, जिनकी मौत एक प्रयोग के दौरान हो जाती है. बाद में रोहित को अपने पिता का कंप्यूटर मिलता है, जिसके जरिए वह अंतरिक्ष में संदेश भेजता है. इसी संदेश के कारण पृथ्वी पर ‘जादू’ नाम का एक एलियन आता है, जो रोहित की जिंदगी पूरी तरह बदल देता है. जादू की शक्तियों से रोहित को नई एनर्जी, आत्मविश्वास और असाधारण क्षमताएं मिलती हैं.
Add as Preferred Source on Google
फिल्म में प्रीति जिंटा ने निशा का किरदार निभाया, जबकि रेखा रोहित की मां के रूप में नजर आईं. फिल्म की मजबूत कहानी, भावनात्मक पहलू, विजुअल इफेक्ट्स और संगीत को दर्शकों ने खूब पसंद किया. ‘इधर चला मैं उधर चला’ और ‘इट्स मैजिक’ जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और कई फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किए. ‘कोई… मिल गया’ ने भारत में सुपरहीरो फ्रेंचाइजी की नींव रखी, जिसके बाद ‘कृष’ और ‘कृष 3’ जैसी सफल फिल्में बनीं. आप इस फिल्म को जी5 पर देख सकते हैं.
‘कृष’ (2006)- साल 2006 में रिलीज हुई ‘कृष’ भारतीय सिनेमा की पहली सफल सुपरहीरो फिल्मों में से एक मानी जाती है. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी यह फिल्म ‘कोई… मिल गया’ की सीक्वल थी. इसमें ऋतिक रोशन ने कृष्ण मेहरा का किरदार निभाया, जो रोहित मेहरा का बेटा होता है. बचपन से ही उसके पास असाधारण ताकत, तेज रफ्तार और अद्भुत शारीरिक क्षमताएं होती हैं. कृष्ण मेहरा को पिता रोहित मेहरा से असाधारण शक्तियां विरासत में मिली थीं.
अपनी दादी के साथ पहाड़ों में रहने वाला कृष्णा बाद में सिंगापुर पहुंचता है, जहां परिस्थितियां उसे अपनी शक्तियों का इस्तेमाल लोगों की मदद के लिए करने पर मजबूर करती हैं. यहीं से उसका सफर सुपरहीरो ‘कृष’ के रूप में शुरू होता है. फिल्म में प्रियंका चोपड़ा फीमेल लीड के तौर पर हैं जो कृष्ण की शक्तियों को दुनिया के सामने लाना चाहती हैं. कृष ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कलेक्शन दर्ज किया था. ये भी जी5 पर उपलब्ध है.
‘कृष 3’ (2013)- राकेश रोशन निर्देशित ‘कृष 3’ सुपरहीरो फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जिसने भारतीय दर्शकों के सामने पहले से कहीं बड़े स्तर पर एक्शन और विजुअल इफेक्ट्स पेश किए. फिल्म में ऋतिक रोशन ने डबल रोल निभाया था. वह सुपरहीरो कृष के साथ-साथ साइंटिस्ट रोहित मेहरा के किरदार में भी नजर आते हैं. कहानी में सुपरविलेन काल, जिसका किरदार विवेक ओबेरॉय ने निभाया है, दुनिया पर राज करने की साजिश रचता है. वह खतरनाक वायरस और म्यूटेंट्स की मदद से इंसानों को खत्म करना चाहता है. ऐसे में कृष अपनी शक्तियों के दम पर मानवता को बचाने की जिम्मेदारी उठाता है.
‘कृष 3’ में प्रियंका चोपड़ा, कंगना रनौत, विवेक ओबेरॉय और ऋतिक लीड रोल में थे. फिल्म पहली दो फिल्मों की तुलना में काफी बड़े बजट में बनाई गई थी. फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, वीएफएक्स और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए दृश्य इसकी सबसे बड़ी खासियत रहे. रिलीज के बाद ‘कृष 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई. ये भी जी5 पर है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 05, 2026, 09:32 IST



