Tips and Tricks: बरसात में ट्रैक्टर को खराब होने से बचाना है? बैटरी, इंजन से लेकर टायर तक का ऐसे करें देखभाल

Last Updated:August 20, 2026, 12:59 IST
Tractor Care Tips: बारिश के मौसम में खेतों में ट्रैक्टर का इस्तेमाल बढ़ जाता है, इसलिए इसकी देखभाल बेहद जरूरी है. नमी, पानी और कीचड़ से ट्रैक्टर के जरूरी पार्ट्स खराब हो सकते हैं. इसे खुले में खड़ा करने के बजाय शेड में रखें और शेड न हो तो सूखे ट्रैक्टर पर वाटरप्रूफ कवर डालें. बैटरी और वायरिंग की नियमित जांच करें. टर्मिनल पर जंग दिखे तो तुरंत साफ करवाएं. इंजन और एयर फिल्टर की सफाई भी जरूरी है, क्योंकि गंदा फिल्टर परफॉर्मेंस घटाकर डीजल की खपत बढ़ा सकता है. ट्रैक्टर चलाने के बाद कीचड़ साफ करें, सुखाएं और जरूरत के अनुसार ग्रीस लगाएं. लंबे समय तक इस्तेमाल न हो तो सूखी जगह पार्क करें.
आमतौर पर देखा जाता है कि बरसात के मौसम में गाड़ियां सबसे ज्यादा खराब होती हैं और गांवों में देखें तो ट्रैक्टर भी सबसे ज्यादा खराब हो जाते हैं. बारिश का मौसम किसानों के लिए राहत लेकर आता है, लेकिन इस दौरान ट्रैक्टर की केयर करना भी बहुत जरूरी हो जाता है. लगातार बारिश और नमी की वजह से ट्रैक्टर के कई पार्ट्स में पानी जाने या जंग लगने की समस्या हो सकती है. अगर समय रहते ट्रैक्टर की सही देखभाल की जाए तो इसकी परफॉर्मेंस अच्छी बनी रहती है और अचानक स्टार्ट होने में आने वाली दिक्कत से भी बचा जा सकता है.
बारिश के मौसम में ट्रैक्टर को खुले में पार्क करने से बचना चाहिए. कोशिश करें कि इसे किसी शेड या छत वाली जगह पर पार्क करें, ताकि लगातार बारिश और नमी से ट्रैक्टर के पार्ट्स सुरक्षित रहें. अगर शेड की सुविधा नहीं है तो अच्छी क्वालिटी के वाटरप्रूफ कवर का इस्तेमाल करें. हालांकि, कवर लगाने से पहले ट्रैक्टर को अच्छी तरह सुखा लेना जरूरी है. गीले ट्रैक्टर पर कवर डालने से अंदर नमी फंस सकती है, जिससे जंग लगने और पार्ट्स खराब होने का खतरा बढ़ जाता है.
बारिश के मौसम में ट्रैक्टर की बैटरी और वायरिंग की नियमित जांच जरूरी है. पानी और नमी के कारण वायरिंग में करंट से जुड़ी समस्या हो सकती है, जिससे ट्रैक्टर स्टार्ट होने में परेशानी आ सकती है. बैटरी के टर्मिनल को हमेशा साफ रखें और वहां जंग दिखाई दे तो तुरंत साफ करवाएं. इसके अलावा किसी वायर की कोटिंग कटी या खराब नजर आए तो उसे नजरअंदाज न करें. समय रहते वायरिंग की मरम्मत करवाने से शॉर्ट सर्किट और अचानक खराबी जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है.
Add as Preferred Source on Google
बारिश के मौसम में ट्रैक्टर के इंजन और एयर फिल्टर की नियमित जांच करना जरूरी है. नमी और मिट्टी की वजह से एयर फिल्टर जल्दी गंदा हो सकता है. फिल्टर में गंदगी जमा होने से इंजन तक पर्याप्त हवा नहीं पहुंचती, जिससे ट्रैक्टर की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है और डीजल की खपत भी बढ़ सकती है. इसलिए समय-समय पर एयर फिल्टर की सफाई करें. अगर फिल्टर ज्यादा खराब या क्षतिग्रस्त हो गया है तो उसे तुरंत बदलवा देना बेहतर रहता है.
ट्रैक्टर चलाने के बाद उसके पहियों और दूसरे हिस्सों में लगी मिट्टी और कीचड़ को ज्यादा देर तक जमा न रहने दें. खासकर ब्रेक और चलने वाले पार्ट्स के आसपास जमा कीचड़ को अच्छी तरह साफ करें. ट्रैक्टर की धुलाई के बाद उसे सूखने दें और जरूरत के हिसाब से ग्रीस या लुब्रिकेंट लगाएं. इससे पार्ट्स में जंग लगने की संभावना कम रहती है. बारिश के दिनों में डीजल टैंक में पानी और गंदगी जाने से भी परेशानी हो सकती है. इसलिए फ्यूल टैंक का ढक्कन अच्छी तरह बंद रखें.
अगर ट्रैक्टर को कई दिनों तक इस्तेमाल नहीं करना है तो उसे सूखी और सुरक्षित जगह पर पार्क करना बेहतर रहेगा. बरसात के सीजन में थोड़ी-सी सावधानी ट्रैक्टर को बड़ी खराबी से बचा सकती है. बैटरी, वायरिंग, इंजन, एयर फिल्टर और दूसरे जरूरी पार्ट्स की समय-समय पर चेकिंग करते रहें. इससे ट्रैक्टर की लाइफ बढ़ाने में मदद मिलेगी और खेत में जरूरत पड़ने पर ट्रैक्टर स्टार्ट करने में बेवजह की परेशानी भी नहीं होगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 20, 2026, 12:59 IST



