श्री करणी सेना के प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर आए युवक की वाटर कैनन से हुई मौत, महिपाल मकराना ने दी चेतावनी

Last Updated:August 04, 2026, 16:03 IST
Jaipur News : यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना की ओर से निकाली गई रैली में शामिल एक युवक की मौत हो गई. सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकरान ने मंगलवार को प्रेस कॉफ्रेंस करके इसकी जानकारी दी. उन्होंने रैली पर लाठीचार्ज करने और वाटर कैनन चलाने वाले अधिकारियों को सस्पेंड करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो राजस्थान बंद किया जाएगा और दिल्ली में घेराव किया जाएगा.महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो राजस्थान बंद किया जाएगा.
जयपुर. श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने दावा किया है कि जयपुर में सोमवार को दोपहर हुए करणी सेना के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए शख्स देवराज सिंह की देर शाम मौत हो गई. मृतक की पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह के तौर पर हुई है. महिपाल मकराना ने कहा कि देवराज ओबीसी जाति से था. वह हमारे आंदोलन को समर्थन देने के लिए आया था. लेकिन उस दौराव वह पुलिस प्रशासन की ओर से चलाई गई वाटर कैनन से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.
महिपाल मकराना ने वाटर कैनन चलाने वाले और लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अफसरों को निलंबित करने के लिए सरकार को सात दिन का अल्टिमेटम दिया है. मकराना ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों को निलंबित नहीं किया गया और देवराज के परिवार को मुआवजा तथा सरकारी नौकरी नहीं दी गई तो राजस्थान बंद किया जाएगा. मकराना के मुताबिक देवराज सिंह यहां यूजीसी के नए नियमों के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना, राष्ट्रीय हिंदू महासभा और सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से निकाली गई रैली में शामिल हुआ था.
प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन से पानी फेंका गया थामकराना ने कहा कि इस रैली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी. उसके बाद बाद पुलिस ने पहले वाटर कैनन से और फिर लाठीचार्ज करके प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की. इसी दौरान देवराज सिंह घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टर्स ने देवराज सिंह के स्वास्थ्य का परीक्षण करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दिल्ली को घेरने का ऐलानकरणी सेना ने यूजीसी मुद्दे पर दिल्ली घेराव का भी ऐलान किया है. करणी सेना अध्यक्ष महिपाल मकराना ने कहा पहले गुजरात, बिहार और यूपी में प्रदर्शन करेंगे फिर इन सभी राज्यों से एक साथ दिल्ली घेरेंगे. उल्लेखनीय है कि मकराना ने यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर बीकानेर के देशनोक से सवर्ण न्याय पदयात्रा शुरू की थी. 24 दिन का सफर करके यह पदयात्रा सोमवार को जयपुर पहुंची थी.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 04, 2026, 16:03 IST



