नागौर के NH-58 पर बाइकों की भिड़ंत में पूर्व सरपंच सहित दो की मौत, समय पर नहीं पहुंची 108 एम्बुलेंस

Last Updated:June 16, 2026, 23:50 IST
नागौर जिले के रियांबड़ी क्षेत्र में NH-58 पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में मेवाड़ा के पूर्व सरपंच सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस सेवा समय पर नहीं पहुंचने के आरोप लगे, जिसके चलते ग्रामीणों ने घायलों को कैंपर वाहन से अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.सड़क हादसे में मेवाड़ा के पूर्व सरपंच सहित दो लोगों की मौत
नागौर. जिले के रियांबड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मेवाड़ा के पूर्व सरपंच सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा पादुकलां बायपास लिंक रोड के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति से आ रही थी. आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए. हादसे के बाद घायल और मृतकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई. आरोप है कि समय पर 108 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वयं कैंपर वाहन की व्यवस्था करनी पड़ी. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
108 एम्बुलेंस सेवा पर उठे सवाल
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना है कि हादसे जैसी आपात स्थिति में भी 108 एम्बुलेंस सेवा समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे घायलों को अस्पताल ले जाने में देरी हुई. लोगों ने एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. मेवाड़ा के पूर्व सरपंच की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने, सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और 108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Nagaur,Rajasthan



