वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर फंसा पेच…पहले मैच में मिलेगा मौका या करना होगा इंतजार, बैटिंग कोच का चौंकाने वाला बयान

होमखेलक्रिकेट
सूर्यवंशी का आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू आज? बैटिंग कोच का चौंकाने वाला बयान
Last Updated:June 26, 2026, 01:47 IST
Sitanshu Kotak-Vaibhav Sooryavanshi: आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर फैंस उत्साहित हैं. आईपीएल 2026 में 776 रन बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी पर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बड़ा अपडेट दिया है. कोटक ने वैभव को असाधारण प्रतिभा बताते हुए कहा कि उन्हें मौके जरूर मिलेंगे, लेकिन टीम में लगातार परफॉर्म कर रहे सीनियर खिलाड़ियों को ड्रॉप करके उनके साथ नाइंसाफी नहीं की जा सकती. वैभव के प्लेइंग इलेवन में चयन पर सस्पेंस बरकरार है. वैभव सूर्यवंशी के आज आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू को लेकर बैटिंग कोच ने दिया बड़ा अपडेट.
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय क्रिकेट गलियारों में सबसे बड़ा चर्चा का विषय बने हुए हैं. आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में शुक्रवार (26 जून) से शुरू हो रही दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया गया है. वैभव के सनसनीखेज प्रदर्शन को देखते हुए फैंस और क्रिकेट पंडित उन्हें जल्द से जल्द नीली जर्सी में डेब्यू करते देखना चाहते हैं. हालांकि, मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने वैभव के डेब्यू की संभावनाओं पर एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट दिया.
सितांशु कोटक (Sitanshu Kotak) ने साफ कर दिया है कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्हें भविष्य में भरपूर मौके मिलेंगे, लेकिन महज 15 साल के एक युवा खिलाड़ी को जगह देने के लिए टीम मैनेजमेंट उन सीनियर खिलाड़ियों को ड्रॉप नहीं करेगा जो लगातार भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. कोटक का मानना है कि किसी नए खिलाड़ी को मौका देने और दूसरे खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी करने के बीच एक बहुत ही बारीक रेखा होती है, जिसे टीम प्रबंधन अच्छी तरह समझता है.
अद्भुत प्रतिभा के धनी हैं वैभव: सितांशु कोटकबल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और उनकी मानसिक मजबूती की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘ वैभव असाधारण रूप से प्रतिभाशाली हैं, इसमें कोई दोराय नहीं है. उन्होंने आईपीएल और अन्य मैचों में जिस तरह से बल्लेबाजी की है, उससे यह साफ है कि उनके पास बेहतरीन नैसर्गिक क्षमता है. आईपीएल 2026 में उन्होंने जोफ्रा आर्चर जैसे दुनिया के सबसे तेज और अनुभवी गेंदबाजों का सामना किया और उन्हें देखकर ऐसा लगा ही नहीं कि वे किसी दबाव में है.’
कोटक ने आगे कहा कि आज शाम को कप्तान और मुख्य कोच अंतिम ग्यारह पर फैसला करेंगे. अगर वैभव को खेलने का मौका मिलता है तो यह बहुत अच्छी बात है, और अगर नहीं भी मिलता है, तो भी उनके लिए यह बड़ी बात है कि वह इस उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ एक खिलाड़ी को मौका देने के लिए रन बना रहे किसी अन्य खिलाड़ी को बाहर बैठाना पूरी तरह से गलत होगा.
आईपीएल 2026 और इंडिया ‘ए’ में मचाया था धमालवैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग रातों-रात नहीं उठी है, बल्कि इसके पीछे उनका घरेलू और आईपीएल का दमदार रिकॉर्ड है. आईपीएल 2026 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं. उन्होंने महज 16 मैचों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 776 रन ठोक डाले थे. आईपीएल के अलावा, श्रीलंका में हाल ही में समाप्त हुई इंडिया ‘ए’ की एक दिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला में भी वैभव का बल्ला जमकर गरजा था. उनके इसी निरंतर प्रदर्शन और बड़े शॉट खेलने की काबिलियत ने चयनकर्ताओं को मजबूर किया कि वे उन्हें इतनी छोटी उम्र में सीनियर टीम के साथ आयरलैंड के दौरे पर भेजें. वैभव भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी हैं.
टीम इंडिया का टॉप-ऑर्डर और चयनकर्ताओं का सिरदर्दवैभव सूर्यवंशी मूल रूप से एक सलामी बल्लेबाज हैं और टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन इस समय टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना किसी लोहे के चने चबाने जैसा है. भारतीय टीम हाल ही में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की चैंपियन बनकर लौटी है, जहां भारत के टॉप ऑर्डर ने धमाल मचाया था. टी20 वर्ल्ड कप में दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत की थी, जबकि ईशान किशन नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर रहे थे. संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. ईशान किशन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली इस टीम के लिए पूरे टूर्नामेंट में 300 से अधिक रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए हाई-प्रेशर फाइनल मैच में शानदार अर्धशतक जड़कर भारत को चैंपियन बनाया. इन तीनों ही बल्लेबाजों ने आईपीएल 2026 में भी रनों का अंबार लगाया था. ऐसे में वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के लिए इन तीनों में से किसी एक को ड्रॉप करना होगा, जो मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बेहद कठिन और नाइंसाफी भरा फैसला होगा.
‘मैं खुश हूं कि मैं चयनकर्ता नहीं हूं’भारतीय क्रिकेट में टैलेंट की इस ‘अति’ को लेकर सितांशु कोटक ने चुटकी भी ली. उन्होंने कहा कि भारत में इस समय इतनी ज्यादा प्रतिभा है कि चयनकर्ताओं के लिए टीम चुनना एक बड़ा सिरदर्द बन चुका है. उन्होंने राहत की सांस लेते हुए कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे इतना बड़ा सिरदर्द नहीं झेलना पड़ता क्योंकि मैं मुख्य कोच या कप्तान नहीं हूं. लेकिन हां, कभी-कभी यह स्थिति बहुत कठिन हो जाती है. हमें यह याद रखना होगा कि जो खिलाड़ी पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम को मैच जिता रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. बीसीसीआई का घरेलू ढांचा इतना मजबूत है कि नए खिलाड़ी लगातार आते रहेंगे.’
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



