श्रीगंगानगर में शिक्षक के तबादले पर भड़के ग्रामीण, श्रीकरणपुर के स्कूल 56F में तालाबंदी, स्टाफ को अंदर बंद कर की नारेबाजी

Last Updated:August 08, 2026, 14:27 IST
श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर क्षेत्र के राजकीय विद्यालय 56F में शिक्षक रविंद्र कम्बोज के तबादले को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया. डेपुटेशन के बावजूद स्थानांतरण रद्द नहीं होने पर ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर स्टाफ को अंदर बंद कर दिया और नारेबाजी करते हुए शिक्षक का तबादला रद्द करने की मांग उठाई.
श्रीकरणपुर क्षेत्र के राजकीय विद्यालय 56F पर तालाबंदी
श्रीगंगानगर. जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र के राजकीय विद्यालय 56F में शिक्षक रविंद्र कम्बोज के स्थानांतरण को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. शिक्षक के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. ग्रामीणों के विरोध के चलते शिक्षक रविंद्र कम्बोज को 31 जुलाई तक उसी विद्यालय में डेपुटेशन पर लगाने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उनका मूल स्थानांतरण रद्द नहीं किया गया, इससे ग्रामीणों में एक बार फिर आक्रोश फैल गया.
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण राजकीय विद्यालय 56F पहुंचे और विद्यालय में तालाबंदी कर दी. ग्रामीणों ने स्कूल के स्टाफ को विद्यालय के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया. इसके बाद विद्यालय के बाहर एकत्र होकर ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और शिक्षक का स्थानांतरण रद्द करने की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षक रविंद्र कम्बोज का स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें विद्यालय में ही रखने के आदेश नहीं होते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
पहले भी प्रशासन को सौंपा था ज्ञापन
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक रविंद्र कम्बोज का विद्यालय से स्थानांतरण होने के बाद स्कूल की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर असर पड़ने की आशंका है. इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने पहले पदमपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को आंदोलन और विद्यालय में तालाबंदी की चेतावनी भी दी गई थी, ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांग पर अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है.
विद्यालय के बाहर जारी है प्रदर्शन
डेपुटेशन की अवधि समाप्त होने के बाद भी शिक्षक का स्थानांतरण रद्द नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया. इसी के चलते शनिवार को ग्रामीणों ने विद्यालय की तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया. फिलहाल विद्यालय के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी है. ग्रामीण प्रशासन से शिक्षक का स्थानांतरण तत्काल रद्द कर रविंद्र कम्बोज को विद्यालय 56F में ही बनाए रखने की मांग कर रहे हैं. मामले को लेकर अब प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है. वहीं, तालाबंदी के कारण विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Ganganagar,Rajasthan
First Published :
August 08, 2026, 14:27 IST



