Welcome to the Jungle-Cocktail 2 box office collection: बॉक्स ऑफिस घमासान: ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पास किया मंडे टेस्ट, ‘कॉकटेल 2’ की धीमी पड़ी रफ्तार

Last Updated:June 30, 2026, 05:57 IST
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त दो फिल्मों की किस्मत आमने-सामने खड़ी नजर आ रही है. एक तरफ ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले सोमवार की अग्निपरीक्षा पार कर अपनी मजबूत पकड़ का इशारा कर रही है. वहीं, 11वें दिन ‘कॉकटेल 2’ की रफ्तार सुस्त नजर आ रही है. वीकेंड की चमक के बाद ताजा आंकड़ों ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है. चलिए बताते हैं कैसा रहा इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस हाल…
नई दिल्ली. सिनेमाघरों में इन दिनों दो बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी-एक्शन फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है. वहीं दूसरी तरफ शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘कॉकटेल 2’ रिलीज के दूसरे हफ्ते में धीमी पड़ती नजर आ रही है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, दोनों फिल्मों के लिए सोमवार के नतीजे अलग-अलग रहे हैं.
26 जून को रिलीज हुई ‘वेलकम टू द जंगल’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है. अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी, जैकलिन फर्नांडीज और अरशद वारसी जैसे सितारों की लंबी-चौड़ी फौज है.
ओपनिंग वीकेंड पर धमाकेदार कमाई करने के बाद, इस फिल्म ने अपने पहले सोमवार यानी चौथे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने सोमवार को 7.77 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वीकेंड के मुकाबले वर्किंग डे पर कलेक्शन कम है. लेकिन दूसरी फिल्मों से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच यह एक बेहतरीन आंकड़ा माना जा रहा है.
Add as Preferred Source on Google
फिल्म की शुरुआत काफी दमदार रही थी. अपने पहले शुक्रवार को फिल्म ने 15.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि पेड प्रिव्यूज इससे 3.75 करोड़ की कमाई की. शनिवार को फिल्म ने 20 करोड़ और रविवार को अपने अब तक के सबसे ऊंचे आंकड़े यानी 24.75 करोड़ रुपये की कमाई की. इन आंकड़ों के साथ, फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 85.67 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 71.52 करोड़ रुपये हो चुका है.
होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ को 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. अपने दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों की माने तो फिल्म ने अपने 11वें 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 84.90 करोड़ रुपये हो गया है.
सोमवार को फिल्म के कुल 3,873 शोज थे, जिनमें केवल 16.51 प्रतिशत की ऑक्युपेसी देखी गई. इससे पहले फिल्म ने अपने दूसरे वीकेंड पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए शनिवार को 4.25 करोड़ और रविवार को 4.40 करोड़ रुपये बटोरे थे, जबकि दूसरे शुक्रवार को इसकी कमाई 4 करोड़ रुपये रही थी. फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में 70.50 करोड़ रपुये का शानदार बिजनेस किया था.
भले ही सोमवार को फिल्म की रफ्तार कम हुई हो, लेकिन ‘कॉकटेल 2’ ने शाहिद कपूर की ही पिछली फिल्म ‘ओ रोमियो’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित ‘ओ रोमियो’ ने बॉक्स ऑफिस पर 72.99 करोड़ रुपये का नेट लाइफटाइम कलेक्शन किया था. हालांकि, ‘कॉकटेल 2’ अभी तक शाहिद और कृति की साल 2024 में आई फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ का 85.16 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है, लेकिन उम्मीद है कि यह जल्द ही इस आंकड़े को पार कर जाएगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



