पश्चिमी राजस्थान बना देश का सबसे बड़ा ‘हीट जोन’, अगले 7 दिन होगा लू का डबल अटैक! भीषण गर्मी का रेड अलर्ट

Last Updated:May 13, 2026, 14:43 IST
Rajasthan Heatwave Havoc : राजस्थान में गर्मी अब अपनी असली रंगत में आ गई है. सूबे के पश्चिमी हिस्से में तापमान 50 डिग्री की ओर बढ़ रहा है. पश्चिमी राजस्थान का बाड़मेर बीते तीन दिन से देशभर में सबसे गर्म बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक लू का डबल अटैक होने की चेतावनी दी है. जानें राजस्थान किस कदर गर्मी से झुलस रहा है. पढ़ें ये ताजा रिपोर्ट. 
राजस्थान में आसमान से आग बरस रही है. धरती तंदूर की माफिक तप रही है.
जयपुर. मई का दूसरा सप्ताह आते ही समूचा राजस्थान प्रचंड गर्मी की चपेट में आ गया है. बाड़मेर लगातार तीन दिन से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है. वहां पारा 48.3 डिग्री को पार कर गया है. भीष्ण गर्मी के चलते राजस्थान के कई शहर दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो गए हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 7 दिन तक लू का डबल अटैक रहेगा. रेगिस्तान से उठ रही गर्मी की आग के कारण तापमान 50°C तक पहुंच सकता है. वर्तमान में पश्चिमी राजस्थान देश का सबसे बड़ा ‘हीट जोन’ बना हुआ है. आसमान से मानों आग बरस रही है और यहां की जमीन भट्टी की तरह तप रही है.
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बढ़ते तापमान के कारण सड़कें तंदूर बनी हुई हैं. फलोदी, जैसलमेर, बीकानेर और चूरू समेत कई शहरों तापमान 45 डिग्री के पार जा चुका है. गर्म हवाओं लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं. दोपहर में बाजार सूने हो रहे हैं. सड़कों पर निकलते ही लू झुलसा रही है. रात में भी राहत नहीं मिल रही है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर और जयपुर समेत कई शहरों में रात को भी गर्मी कहर बरपा रही है. दोपहर में घरों से बाहर निकलना जानलेवा साबित हो रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है.
बाड़मेर लगातार सबसे गर्म जिला बना हुआ है
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में तापमान 45 से 48 डिग्री के बीच पहुंच रहा है. बाड़मेर लगातार सबसे गर्म जिला बना हुआ है. फिलहाल आगामी दिनों में भी तापमान में बड़ी राहत के संकेत नहीं हैं. जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 4-5 दिन तेज हीटवेव की चेतावनी दी गई है. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी पारा 44-45 डिग्री तक पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. हालांकि आगामी 48 घंटों में मौसम में हल्का बदलाव संभव लेकिन उससे कोई बहुत राहत नहीं मिलने वाली है.
बीकानेर संभाग में आंधी और हल्की बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान बीकानेर संभाग में आंधी और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं. वहीं शेखावाटी क्षेत्र में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी संभव है. भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में भी मौसम बदल सकता है. वहां तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. धूलभरी आंधी से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. किसानों और आमजन को सतर्क रहने की अपील की गई है.
हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी किए गए ताजा अलर्ट में अगले कुछ दिन बेहद गर्म रहने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले दिनों में हालात और भयावह होंगे. मई की शुरुआत में ही जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है. हालात को देखते हुए हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ रहा है. गर्मी के हालात को देखते हुए अस्पतालों में भी अलर्ट जारी किया गया है.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



