Who is Naman Dhir: लस्सी पीकर मॉन्स्टर छक्के उड़ाने वाला वीर, कौन हैं टीम इंडिया में पहली बार जगह पाने वाले नमन धीर

नई दिल्ली: पंजाब के छोटे से शहर फरीदकोट का आसमां उस वक्त आतिशबाजियों से सज गया, जब खबर आई कि 26 साल के नमन धीर को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है. बीती रात वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया, जिसमें इस युवा ऑलराउंडर का भी नाम है. 31 दिसंबर 1999 को पैदा हुए नमन धीर दाएं हाथ से विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ ऑफ ब्रेक बॉलिंग भी करते हैं. लंबे समय से इंडिया ए के लिए खेल रहे नमन धीर आईपीएल में मुंबई इंडियंस का बड़ा नाम बन चुके हैं, जो 2024 के सीजन से लगातार प्लेइंग इलेवन का मजबूत नाम बनकर उभर रहे हैं.
64 गेंदों में 173 रन की पारी से सिलेक्टर्स इम्प्रेस?हाल ही में खत्म हुए शेर-ए-पंजाब टी-20 टूर्नामेंट में अमृतसर सूरमाज की ओर से खेलते हुए नमन धीर ने 8 सितंबर 2026 को मोहाली किंग्स के खिलाफ महज 64 गेंदों में 173 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था और 270.31 की स्ट्राइक रेट से 16 चौके और 12 छक्के भी उड़ाए थे. तीन दिन पहले उन्हें मैन ऑफ द टूर्नामेंट से नवाजा गया और अब सिलेक्टर्स ने एक बड़ा तोहफा दे डाला.
नमन धीर को पहली बार टीम इंडिया में मिली जगह
पंजाबी पुत्तर, लेकिन मुंबई ने पहचाना टैलेंटनमन धीर पंजाब के एक बैटिंग ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने 2023-24 में पंजाब को बीसीसीआई का प्रतिष्ठित घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में उन्होंने मुंबई इंडियंस के स्काउट्स का ध्यान खिंचा और आईपीएल 2024 के ऑक्शन में 20 लाख के बेस प्राइस में खरीद लिए गए. शेर-ए-पंजाब के लिए उस सीजन में वह 193 की खतरनाक स्ट्राइक रेट से 466 रन बनाकर आईपीएल में आए थे. यही कारण रहा कि जब सूर्यकुमार यादव इंजर्ड हुए तो उन्हें मुंबई ने डेब्यू का मौका दिया और तीसरे नंबर पर बैटिंग करवाई. नमन ने आईपीएल 2024 के अपने डेब्यू सीजन में नमन धीर ने कुल सात मैच खेले, लेकिन उनकी सबसे खास पारी आई, आखिरी मैच में जब लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों पर 62 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेली थी.
20 लाख से सीधे सवा 5 करोड़ की बोलीआईपीएल 2024 में साधारण प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस ने नमन धीर को रिलीज करने का फैसला लिया, लेकिन फिर 2025 की नीलामी में उन्हें ‘राइट टू मैच’ ऑप्शन का इस्तेमाल करते हुए पांच करोड़ 25 लाख रुपये की मोटी रकम के साथ दोबारा साइन कर लिया. 20 लाख से सवा पांच करोड़ रुपये तक पहुंचना किसी भी युवा प्लेयर के लिए बड़ी बात है. 2025 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें सभी 16 मैच खिलाए और ऐसे करने वाले वह अपनी टीम के चुनिंदा चार खिलाड़ियों में से एक थे. नमन धीर ने भी मुंबई इंडियंस को निराश नहीं किया. 182.60 की जबरदस्त एवरेज से 252 रन बनाए. वह टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज साबित हुए.
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर.
भारत की टी-20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव.



