आबूरोड में आवारा सांडों का आतंक, भाजपा नेता के 3 साल के बेटे पर हमला, सींगों से उठाकर पटका

Last Updated:September 12, 2026, 18:52 IST
Abu Road Stray Bull Attack: आबूरोड की शिवाजी कॉलोनी में 11 सितंबर शाम करीब साढ़े 6 बजे घर के बाहर खेल रहे 3 साल के निशांत पर आवारा सांड ने हमला कर दिया. बताया गया कि सांड ने बच्चे को सींगों से उठाकर उछाल दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई. बच्चे की मां भी घायल हुई. भाजपा जिला मंत्री दुर्गेश राव ने नगरपालिका EO को ज्ञापन देकर आवारा पशुओं को गौशाला भेजने और लापरवाह पशु मालिकों पर कार्रवाई की मांग की है.
ख़बरें फटाफट
3 साल के मासूम पर सांड के हमले से मचा हड़कंप
सिरोही: आबूरोड में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला शहर की शिवाजी कॉलोनी का है, जहां आवारा सांडों के उत्पात ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी है. खेल रहे एक मासूम बच्चे पर सांड के अचानक हुए इस जानलेवा हमले से पूरे इलाके में डर का माहौल है.
घटना 11 सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे की है. भाजपा जिला मंत्री दुर्गेश राव के तीन वर्षीय बेटे निशांत अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक वहां एक आवारा सांड आ धमका. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या बच्चे को संभाल पाता, सांड ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए मासूम निशांत को अपने नुकीले सींगों पर उठा लिया.
हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गईइस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बच्चे को बचाने दौड़ी दुर्गेश राव की पत्नी भी सांड की चपेट में आकर घायल हो गईं. गनीमत यह रही कि आसपास के लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से सांड को वहां से खदेड़ा, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था. घायल 3 साल के निशांत के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
हर तरफ मंडरा रहा है हादसों का सायायह कोई पहली घटना नहीं है जब आबूरोड में आवारा पशुओं ने किसी को अपना शिकार बनाया हो. शिवाजी कॉलोनी सहित शहर के अधिकांश वार्डाें, मुख्य मार्गों और बाजारों में आवारा सांडों और पशुओं के झुंड का जमघट आम बात हो गई है. कॉलोनीवासियों का कहना है कि यहां आए दिन सांडों की आपसी भिड़ंत होती रहती है, जिससे राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले बच्चों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है. स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर तब तक ध्यान नहीं देता जब तक कोई बड़ी अनहोनी न हो जाए.
नगरपालिका प्रशासन को ज्ञापन और सख्त चेतावनीइस गंभीर घटना के बाद भाजपा जिला मंत्री दुर्गेश राव ने स्थानीय प्रशासन और नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया है. घटना के तुरंत बाद उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि शहर में घूम रहे सभी आवारा पशुओं को तुरंत पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह के दर्दनाक हादसे का सामना न करना पड़े.
शहर के लोग उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूरइसके साथ ही, ज्ञापन में उन पशुपालकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है जो अपने आवारा पशुओं को खुला छोड़ देते हैं. नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि नगरपालिका प्रशासन ने जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो शहर के लोग उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Sirohi,Rajasthan
First Published :
September 12, 2026, 18:52 IST



