Rajasthan

चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ का असर, जयपुर-भरतपुर समेत 10 जिलों में ओले का खतरा, 50 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

जयपुर. राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. प्रदेश में पिछले दिनों मौसम शुष्क रहने और दिन में तेज धूप निकलने के बाद अब आंधी-बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्णव और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. सबसे ज्यादा चिंता जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों को लेकर है, जहां मध्यम से तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है.

राजस्थान में 29 और 30 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

बाड़मेर में पारा 36.3 डिग्री, अब बारिश से बदलेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन में धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा. हालांकि, अब मौसमी तंत्रों के सक्रिय होने से कुछ जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण दिन की गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर

आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार कर चुका है. इसके प्रभाव से राजस्थान में पूर्वी हवाएं सक्रिय होने की संभावना है. साथ ही 29 और 30 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं. उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. जम्मू के आसपास भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इन मौसमी परिस्थितियों के संयुक्त प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं.

जयपुर-भरतपुर में ओलावृष्टि की आशंका: जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है

जयपुर-भरतपुर समेत इन 10 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका

आईएमडी ने अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर में मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका जताई है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

राजस्थान मौसम अपडेट 28 अक्टूबरपूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 29-30 अक्टूबर को मेघगर्जन, तेज हवाओं के 40-50 Kmph के साथ कहीं-कहीं हल्के से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना। https://t.co/iM6Zt6hWZz

— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) October 28, 2026

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj