दौसा में 2 मौतें, बूंदी में जीजा-साले पर चाकू से हमला, अजमेर में बीजेपी की बाड़ेबंदी

Last Updated:September 12, 2026, 08:15 IST
Rajasthan News Live: दौसा में NH-21 पर बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटने से पांच यात्री घायल हो गए. उधर अजमेर में नगर निगम चुनाव के बाद बीजेपी ने …और पढ़ें
राजस्थान में निकाय चुनाव का मतदान खत्म होते ही बीजेपी की बाड़ेबंदी शुरू
Rajasthan News Live: दौसा में NH-21 पर सिविल लाइन के पास बस ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. कोतवाली थाना पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया. वहीं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राहुवास थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 205 के पास स्लीपर बस पलट गई. बस में 54 यात्री सवार थे, जिनमें पांच घायल हुए. सभी को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. यात्री बुलंदशहर से सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे. पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटवाई. सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
September 12, 202608:15 IST
अजमेर में बीजेपी की बाड़ेबंदी, पार्षदों को बस से पुष्कर भेजा
अजमेर में नगर निगम चुनाव के बाद बोर्ड बनाने को लेकर बीजेपी ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है. शुक्रवार रात उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 41 बीजेपी प्रत्याशियों को विजयलक्ष्मी पार्क में एकत्रित किया गया. इसके बाद सभी को बस से पुष्कर ले जाने की सूचना है. बीजेपी पदाधिकारियों ने इसे तीन दिवसीय प्रशिक्षण बताया है. इस दौरान जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के बेटे महेश देवनानी समेत कई नेता मौजूद रहे. दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के 37 प्रत्याशी भी अनीता भदेल के नेतृत्व में जुटे. बोर्ड गठन में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम मानी जा रही है. कांग्रेस भी अपनी रणनीति तैयार कर रही है.
September 12, 202608:15 IST
दौसा में बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
दौसा. NH-21 पर सिविल लाइन के समीप शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही दौसा कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाए. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया. पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान की जानकारी जुटा रही है.
September 12, 202608:15 IST
दौसा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, पांच यात्री घायल
दौसा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राहुवास थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 205 के पास शनिवार को स्लीपर बस पलट गई. हादसे के वक्त बस में 54 यात्री सवार थे. दुर्घटना में पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों की पहचान दुष्यंत तोमर, विशाल गुप्ता, वीरेंद्र पंजाबी, धर्मवीर सिंह और प्रीति मीणा के रूप में हुई है. सभी यात्री उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे. सूचना पर राहुवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाया. सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
September 12, 202608:14 IST
बूंदी में पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी, जीजा-साला घायल
बूंदी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की घटना सामने आई है. गुरु नानक कॉलोनी इलाके में आधा दर्जन बदमाशों ने जीजा और साले पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में दोनों घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. प्रारंभिक जानकारी में पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया जा रहा है. पुलिस आरोपियों की पहचान और हमले के कारणों की जांच कर रही है.
September 12, 202608:14 IST
जयपुर में युवक ने खुद का गला काटकर की आत्महत्या, CCTV में कैद
जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र की SMS कॉलोनी में शनिवार को एक युवक ने कथित तौर पर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान छीतर के रूप में बताई जा रही है. घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक पास की कबाड़ की दुकान से चाकू लेकर आया और खुद पर वार कर लिया. उस समय पास में कुछ बच्चे खेल रहे थे. बच्चों ने आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 12, 2026, 08:12 IST



