बीजेपी-कांग्रेस लड़ती रही, बाजी मार ले गए अरविंद केजरीवाल, बारां नगर परिषद में AAP की जीत

दिल्ली की गद्दी गंवाने के बाद राजस्थान निकाय चुनाव 2026 से आम आदमी पार्टी के लिए खुशखबरी आई है. अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने राजस्थान के वारां नगर परिषद में कमाल कर दिया है. बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है. यहां के नगर परिषद चुनाव के सभी 60 वार्डों के अंतिम परिणाम घोषित हो चुके हैं. इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है.
वारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी का शानदार प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी (AAP): 31 सीटें (पूर्ण बहुमत के साथ नगर परिषद बोर्ड बनना तय)
इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC): 18 सीटें
भारतीय जनता पार्टी (BJP): 09 सीटें
निर्दलीय (Independent): 02 सीटें
पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरने से पहले आम आदमी पार्टी को राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में मिली जीत संजीवनी का काम कर सकती है. इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता दिख सकता है. साथ ही 2028 में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए भी आम आदमी पार्टी को सकरात्मक संकेत मिल सकते हैं.
309 शहरी निकायों में वोटों की गिनती जारी
राजस्थान में 309 शहरी निकायों में वोटों की गिनती जारी है. दो चरणों में हुए इन चुनावों के नतीजे आज सामने आ रहे हैं. सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के बाद रिजल्ट आने का सिलसिला जारी है. इन चुनावों में कुल 38,889 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है.
शुरुआती नतीजों में बीजेपी आगे
मतगणना के शुरुआती रुझानों और नतीजों में बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है. कई वार्डों में बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी कई जगहों पर अपनी ताकत दिखा रहे हैं. कांग्रेस फिलहाल इन दोनों के मुकाबले पिछड़ती हुई दिखाई दे रही है.
बाड़मेर, राजसमंद, झुंझुनूं, चौहटन, महवा और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों से वार्ड स्तर पर नतीजे सामने आए हैं. बाड़मेर नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 से बीजेपी के किशन दान विजयी हुए हैं, जबकि वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस की मधुलता ने जीत दर्ज की है.
झुंझुनूं के वार्ड नंबर 2 में निर्दलीय उम्मीदवार कृष्ण महला ने जीत हासिल की है. महवा में भी अलग-अलग वार्डों में बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन देखने को मिला है. वार्ड नंबर 1 से बीजेपी की राधा, वार्ड नंबर 2 से निर्दलीय द्रोपदी, वार्ड नंबर 3 से बीजेपी की मौसम देवी, वार्ड नंबर 4 से निर्दलीय सुरेश और वार्ड नंबर 5 से बसपा के मनोज विजयी हुए हैं.
इसके अलावा बाड़मेर के वार्ड नंबर 4 में बीजेपी उम्मीदवार और चित्तौड़गढ़ के वार्ड नंबर 7 में बीजेपी की पूजा खटीक ने जीत दर्ज की है.
अजमेर की हॉट सीट पर पूर्व मेयर की पत्नी हारीं
अजमेर नगर निगम के वार्ड नंबर 4 का मुकाबला खास माना जा रहा था. यहां पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत की पत्नी हेमा गहलोत को हार का सामना करना पड़ा है. इस सीट पर बीजेपी की मोनिका जैन ने जीत दर्ज की है.
वहीं नाथद्वारा के वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस की तारा देवी विजयी हुई हैं. वार्ड नंबर 12 में बीजेपी के लाला गहलोत ने जीत दर्ज की है. सिरोही के वार्ड नंबर 12, 13, 14 और 15 से कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.
यानी शुरुआती नतीजों में तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है. बीजेपी जहां कई वार्डों में बढ़त बना रही है, वहीं कांग्रेस और निर्दलीय भी कुछ इलाकों में मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं.



