Rajasthan

राजस्थान में आज पंचायत आरक्षण की तस्वीर होगी साफ, बीकानेर के दौरे पर रहेंगे सीएम भजनलाल

Last Updated:September 24, 2026, 08:26 IST

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे सेवा संकल्प कार्यक्रम में शामिल होंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी जयपुर और दादिया में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्स…और पढ़ेंLive: पंचायत आरक्षण की तस्वीर होगी साफ, आज बीकानेर दौरे पर CM भजनलालZoom

किशनगढ़ में शोरूम में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर दौरे पर रहेंगे. वे सुबह नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा. मुख्यमंत्री दोपहर 12:15 बजे जयपुर लौटेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी प्रदेश दौरे पर रहेंगे. आज देर शाम जयपुर पहुंचने के बाद 25 सितंबर को अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह के बाद दादिया में भाजपा के निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होंगे. इसके बाद पंचायत चुनाव के प्रचार रथ रवाना करेंगे और दोपहर 2:30 बजे बिड़ला सभागार में युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे.

September 24, 202608:26 IST

बीकानेर जाएंगे CM भजनलाल, सेवा संकल्प कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बीकानेर के दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 7 बजे जयपुर से बीकानेर के लिए रवाना होंगे और करीब 8 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय सेवा संकल्प कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी होगा. मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 12:15 बजे बीकानेर से वापस जयपुर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी.

September 24, 202608:26 IST

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का राजस्थान दौरा, 25 सितंबर को होंगे कई कार्यक्रम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का राजस्थान दौरा तय है. वे 24 सितंबर की देर शाम जयपुर पहुंचेंगे. इसके बाद 25 सितंबर को उनके कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. सुबह अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे. नितिन नबीन दादिया में भाजपा के निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में भी शामिल होंगे. सम्मेलन में पार्षद प्रत्याशियों के शामिल होने की जानकारी है. इसके बाद दादिया से पंचायत चुनाव के प्रचार रथ रवाना किए जाएंगे. दोपहर 2:30 बजे नितिन नबीन बिड़ला सभागार में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे.

September 24, 202608:25 IST

आज होगी पंचायत आरक्षण लॉटरी, सरपंच-वार्ड पंच की तस्वीर साफ

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. आज उपखंड स्तर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी. इस प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग के लिए आरक्षण तय किया जाएगा. लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन सा सरपंच और वार्ड पंच पद किस वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा. आरक्षण तय होने के साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों की स्थिति भी स्पष्ट होगी. प्रशासन की ओर से लॉटरी प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी की गई हैं.

September 24, 202608:25 IST

श्रीगंगानगर बॉर्डर पर 206 ग्राम आइस ड्रग मिली, केस दर्ज

श्रीगंगानगर के भारत-पाक सीमा क्षेत्र से सिंथेटिक ड्रग बरामदगी का मामला सामने आया है. हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र के बॉर्डर से सटे गांव 8 सी बड़ी की रोही में करीब तीन दिन पहले मिले पैकेट की जांच में 206 ग्राम आइस ड्रग होने की पुष्टि हुई है. ड्रग विभाग ने टेस्ट के बाद इसे मेथएम्फेटामाइन बताया है. जिले में सिंथेटिक ड्रग की बरामदगी का यह पहला मामला बताया जा रहा है. पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस पैकेट यहां तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है. सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को लेकर सतर्क हैं.

September 24, 202608:24 IST

किशनगढ़ में शोरूम में भीषण आग, दमकल ने मशक्कत के बाद पाया काबू

अजमेर के किशनगढ़ के रामनेर रोड स्थित AGM एंटरप्राइजेज के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. शोरूम से उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गांधीनगर थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना सामने आ रही है. फिलहाल आग से हुए नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारणों का आकलन किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

September 24, 202608:24 IST

दौसा में आज सरपंच-वार्ड पंच की आरक्षण लॉटरी

दौसा में पंचायती राज संस्थाओं के आरक्षण की प्रक्रिया के दूसरे दिन आज ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों की लॉटरी निकाली जाएगी. दौसा जिले में 14 पंचायत समिति क्षेत्रों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा. जिला मुख्यालय पर एसडीएम संजू मीणा की मौजूदगी में लॉटरी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों के सरपंच और वार्ड पंच पदों की लॉटरी एसडीएम स्तर पर निकाली जाएगी. लॉटरी पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस ग्राम पंचायत में सरपंच का पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होगा. आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे संभावित उम्मीदवारों की स्थिति भी स्पष्ट होगी.

September 24, 202608:23 IST

बीकानेर में युवक पर चाकू से हमला, CCTV खंगाल रही पुलिस

बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है. सोनगिरी कुआं क्षेत्र के पास एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें कमल नामक युवक घायल हो गया. वारदात की सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल शुरू की. घायल युवक को उपचार के लिए पीबीएम ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस अब हमलावर की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है.

Location :

Jaipur,Rajasthan

First Published :

September 24, 2026, 08:21 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj