सिर्फ स्वाद और खुशबू ही नहीं, सेहत के लिए भी खास है बड़ी इलायची, जानें इसके फायदे

Last Updated:October 24, 2026, 06:25 IST
बड़ी इलायची का इस्तेमाल खाने का स्वाद और सुगंध बढ़ाने के लिए किया जाता है. बलिया के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आरवीएन पांडेय से जानिए बड़ी इलायची के उपयोग, इससे जुड़े स्वास्थ्य लाभ और इसके सेवन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां.
बलिया: आज हम आपको एक ऐसे मसाले के बारे में बताने और दिखाने जा रहे हैं, जिसके फायदे चौंकाने वाले हैं. बलिया के रसोईघरों में आसानी से मिलने वाली बड़ी इलायची न केवल भोजन का स्वाद और सुगंध बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. यह मसाला औषधीय गुणों से भरपूर होता है और शरीर को कई तरह के लाभ पहुंचाता है.
श्वसन तंत्र के लिए उपयोगी है बड़ी इलायची
शांति आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मझौली, बांसडीह रोड, बलिया के चेयरमैन डॉक्टर आरवीएन पांडेय बताते हैं कि बड़ी इलायची का मुख्य उपयोग मानव शरीर के श्वसन तंत्र (Upper Respiratory Tract) के लिए किया जाता है. इसके नियमित सेवन से सांस से जुड़ी कई प्रकार की बीमारियों और परेशानियों में राहत मिलती है और सांस लेने की प्रक्रिया सुचारू होती है.
मुंह की दुर्गंध और गैस की समस्या में फायदेमंद
विशेषज्ञ के अनुसार, बड़ी इलायची मुंह की दुर्गंध को दूर करने में बेहद लाभकारी और गुणकारी है. इसके सेवन से फेफड़े साफ रहते हैं और गैस की समस्या से भी छुटकारा मिलता है. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग करती है और शरीर को डिटॉक्सीफाई करने का काम भी करती है. हमारे शास्त्रों में इसके कई अन्य उपयोग और फायदे भी बताए गए हैं.
चाय और व्यंजनों में भी कर सकते हैं इस्तेमाल
रसोई में इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी मसाले किसी न किसी रूप में आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर होते हैं. जिस प्रकार मेथी का उपयोग मसाले और स्वास्थ्य लाभ दोनों के लिए किया जाता है, उसी प्रकार चाय और अन्य व्यंजनों में बड़ी इलायची का सेवन हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक होता है.
बड़ी इलायची का अधिक सेवन करने से बचें
ध्यान रखें कि किसी भी चीज का अधिक सेवन हानिकारक हो सकता है. अगर आप किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, तो बिना चिकित्सक की सलाह लिए बड़ी इलायची का अपनी मर्जी से औषधीय उपयोग न करें.
About the AuthorVivek Kumar
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ेंLocation :
Ballia,Ballia,Uttar Pradesh
First Published :
October 24, 2026, 06:13 IST



