हनुमान कॉलोनी में बूंद-बूंद को तरसे लोग, 10 दिन से पानी की सप्लाई ठप, टैंकरों के भरोसे कट रही जिंदगी

Last Updated:September 26, 2026, 15:29 IST
Pali Hanuman Colony Water Crisis: पाली की हनुमान कॉलोनी में पिछले 10 दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. घरों में पानी नहीं पहुंचने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. रहवासियों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. लंबे समय से जारी जल संकट को लेकर लोगों ने जल्द नियमित पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की है.
ख़बरें फटाफट
पाली. ‘जल ही जीवन है’ यह नारा हम अक्सर विज्ञापनों और सरकारी दीवारों पर लिखा देखते हैं, लेकिन पाली के नया हाउसिंग बोर्ड स्थित हनुमान कॉलोनी के लोगों से पूछिए कि पानी की एक-एक बूंद के बिना जिंदगी कैसी गुजरती है. जी हां, इलाके के करीब 20 परिवार पिछले 10 दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. नलों से पानी पूरी तरह गायब है और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं.
हनुमान कॉलोनी के इन 20 घरों में पिछले दस दिनों से पानी की एक बूंद सप्लाई नहीं हुई है. दैनिक दिनचर्या से लेकर पीने के पानी तक के लिए लोग बूंद-बूंद के मोहताज हो चुके हैं. मजदूरी और मेहनत-मशक्कत कर जीवन यापन करने वाले इन परिवारों की गाढ़ी कमाई अब महंगे दामों में पानी के टैंकर मंगवाने में बह रही है. भीषण गर्मी और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच पानी न आने से स्थानीय निवासियों का जीना दुश्वार हो गया है.
आए दिन की समस्या, केवल 20-25 घरों में नहीं पहुंचता पानीस्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है. जब भी मुख्य लाइन से पानी की सप्लाई खोली जाती है, तो आसपास के इलाकों में तो पानी पहुंच जाता है, लेकिन हनुमान कॉलोनी के इन्हीं 20 से 25 घरों में नलों की धार सूख जाती है. सप्लाई प्रेशर बेहद कम होने या लाइन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण हर बार यही 20 परिवार पानी से वंचित रह जाते हैं. बार-बार जलदाय विभाग को अवगत कराने के बावजूद इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया है.
मजदूर परिवारों पर दोहरी मार, हाथ जोड़कर गुहारइस कॉलोनी में ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं, जो दिनभर पसीना बहाकर अपने परिवार का पेट पालते हैं. पानी की किल्लत ने इनके सामने संकट खड़ा कर दिया है. काम पर जाएं या पानी का इंतजाम करें—यह सवाल इनके सामने रोज खड़ा होता है. जब अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी, तो बेबस लोग अब कैमरे के सामने हाथ जोड़कर प्रशासन से पानी की सप्लाई बहाल करने की गुहार लगा रहे हैं.
ग्राउंड जीरो से सीधा सवालबार-बार की शिकायतों और हाहाकार के बावजूद जलदाय विभाग की यह अनदेखी कई सवाल खड़े करती है. आखिर क्यों सिर्फ इन 20-25 घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा? प्रशासन कब जगेगा और इन गरीब परिवारों को इस जल संकट से राहत दिलाएगा? हमारी टीम ग्राउंड जीरो से इस मुद्दे को लगातार उठाएगी ताकि इन परिवारों को इनका हक मिल सके.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंFirst Published :
September 26, 2026, 15:29 IST



