हीरो बनकर ली एंट्री, पत्नी का साथ पाते ही बन गए प्रोड्यूसर, विलेन बनकर किया कमैबक रातोंरात चमक गई किस्मत

Last Updated:November 04, 2026, 04:31 IST
हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत हीरो के तौर पर की, लेकिन बाद में विलेन बनकर ऐसी पहचान बनाई कि दर्शक उन्हें हमेशा याद रखने लगे. इन्हीं कलाकारों में एक नाम प्रेमनाथ मल्होत्रा का भी है. दमदार आवाज, शानदार कद-काठी और चेहरे पर अलग ही रौब रखने वाले प्रेमनाथ ने अपने नेगेटिव किरदारों से फिल्मों में एक खास जगह बनाई. दिलचस्प बात यह है कि जिस कलाकार को कभी हीरो के रूप में कामयाबी नहीं मिली, वही आगे चलकर हिंदी फिल्मों के यादगार खलनायकों में शामिल हो गया.
ख़बरें फटाफट
ऋषि कपूर संग भी किया काम
नई दिल्ली. प्राण नाथ हिंदी सिनेमा के वो दिग्गज अभिनेता थे, जिन्होंने हर तरह के रोल निभाए हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर हीरो की थी. लेकिन विलेन बनते ही उनकी किस्मत चमक गई. ऐसे ही एक अभिनेता थे प्रेमनाथ, जिन्होंने अपनी दमदार आवाज और रौबदार अंदाज से खलनायकी को एक नई पहचान दी. कभी फिल्मों में हीरो बनने का सपना लेकर मुंबई पहुंचे प्रेमनाथ ने बाद में ‘जानी दुश्मन’ जैसी फिल्मों में अपने नेगेटिव किरदारों से खूब नाम कमाया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्मों में लगातार मिल रही नाकामयाबी के चलते उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मी दुनिया ही छोड़ दी थी? आज ही के दिन 3 नवंबर 1992 को 65 साल की उम्र में हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया था.
प्रेमनाथ का जन्म पेशावर में हुआ था. भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के बाद उनका परिवार मध्य प्रदेश में आकर बस गया. उनके पिता पुलिस विभाग में काम करते थे. उन्होंने प्रेमनाथ को सेना में भर्ती भी करा दिया था, लेकिन प्रेमनाथ का मन वहां नहीं लगा. उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था और इसी जुनून ने उन्हें मुंबई पहुंचा दिया.
पत्नी संग मिलकर शुरू की प्रोडक्शन कंपनी
मुंबई आने के बाद प्रेमनाथ पृथ्वी थिएटर से जुड़ गए. यहीं से उनके अभिनय के सफर को नई दिशा मिली. शुरुआती फिल्मों में उन्हें अच्छा काम मिला और धीरे-धीरे वे फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाने लगे. इसी दौरान उनकी मुलाकात अभिनेत्री बीना राय से हुई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी कर ली.शादी के बाद दोनों ने मिलकर फिल्म प्रोडक्शन कंपनी पी.एन. फिल्म्स शुरू की. इस बैनर के तहत कई फिल्में बनाई गईं, लेकिन ज्यादातर फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली. इसका असर प्रेमनाथ के करियर पर भी पड़ा. एक तरफ बीना राय अपने अभिनय से लगातार आगे बढ़ रही थीं, वहीं प्रेमनाथ बतौर हीरो अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे.
विलेन बनकर यूं की थी वापसी
प्रेमनाथ को लगातार मिल रही असफलताओं से प्रेमनाथ काफी निराश हो गए थे. हालात ऐसे बने कि उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली. इस दौरान उनका जीवन भी काफी बदल गया और वे संन्यासियों की तरह रहने लगे. हालांकि, कुछ साल बाद उन्होंने फिर से फिल्मों में वापसी करने का फैसला किया. इस बार उन्होंने हीरो बनने के बजाय विलेन के किरदारों पर ध्यान दिया. यहीं से उनकी जिंदगी और करियर ने ऐसी करवट ली, जिसने उन्हें नई पहचान दिलाई. प्रेमनाथ ने अपने दमदार अंदाज और अभिनय से खलनायक के किरदारों को अलग रंग दिया. फिल्म ‘जानी दुश्मन’ में उनका विलेन वाला अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. इसके बाद वे हिंदी सिनेमा के चर्चित खलनायकों में गिने जाने लगे. उन्होंने साबित कर दिया कि पर्दे पर हीरो बनना ही सफलता की एकमात्र पहचान नहीं है.
राज कपूर से थी गहरी दोस्ती
प्रेमनाथ और राज कपूर की दोस्ती काफी पुरानी थी. दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम भी किया. राज कपूर की निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी प्रेमनाथ के परिवार से जुड़ा है. बताया जाता है कि एक बार राज कपूर उनके साथ रीवा गए थे. वहां उनकी मुलाकात कृष्णा से हुई और पहली ही नजर में उन्हें उनसे प्यार हो गया. आगे चलकर दोनों ने शादी कर ली. वहीं, प्रेमनाथ की दूसरी बहन उमा की शादी अभिनेता प्रेम चोपड़ा से हुई थी.प्रेमनाथ ने सिर्फ हिंदी फिल्मों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने 1969 में रिलीज हुई अमेरिकी फिल्म ‘केनरे’ में भी काम किया था. इसके अलावा वे 1967 से 1969 के बीच अमेरिकी टीवी शो ‘माया’ का हिस्सा भी रहे.
बता दें कि प्रेमनाथ अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रहे. वे आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘हम दोनों’ में नजर आए थे. 3 नवंबर 1992 को 65 साल की उम्र में हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया. भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन हिंदी सिनेमा में उनके निभाए खलनायक के किरदार आज भी याद किए जाते हैं.
About the AuthorMunish KumarSenior sub editor
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 04, 2026, 04:31 IST



